‘10 हजार लोग ले जाकर…’; BJP विधायक प्रीतम लोधी ने मुक्का दिखा IPS अफसर को फिर धमकाया
मध्य प्रदेश में पिछोर से भाजपा के विधायक प्रीतम सिंह लोधी बेटे द्वारा कार एक्सीडेंट केस में पुलिस की कार्रवाई से बेहद भड़के हुए हैं। उन्होंने एक नया वीडियो जारी कर मुक्का दिखाते हुए आईपीएस अफसर आयुष जाखड़ को एक बार फिर नई धमकी दी है।

मध्य प्रदेश में पिछोर से भाजपा के विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एक नया वीडियो जारी कर आईपीएस अफसर आयुष जाखड़ को एक बार फिर नई धमकी दी है। विधायक प्रीतम लोधी के बेटे ने हाल ही में अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को रौंद दिया था। इस मामले में अपने बेटे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से विधायक लोधी बेहद भड़के हुए हैं।
नए वीडियो में बीजेपी विधायक 10 हजार लोगों के साथ करैरा SDOP आयुष जाखड़ के बंगले को घेरकर गोबर से भर देने की बात कहते दिख रहे हैं। विधायक ने इस वीडियो में मुक्का दिखाते हुए कहा कि पहले उनका हाथ ढाई किलो का था, अब ढाई सौ किलो है, वो जाखड़ को ठीक कर देंगे।
बता दें कि, पांच लोगों पर थार गाड़ी चढ़ाने की घटना में पहले जनता सर्वोपरि कहकर खुद ही अपने बेटे दिनेश पर कार्रवाई की मांग करने वाले प्रीतम लोधी अब पुलिस कार्रवाई पर ही भड़क गए हैं। केस दर्ज होने और पूछताछ के बाद उनका रुख बदल गया है और अब वो खुलकर बेटे के समर्थन में उतर आए हैं।
खुद दर्ज कराया था बेटे पर केस
घटना वाले दिन विधायक ने खुद टीआई और एसपी को फोन कर बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। गाड़ी और बेटे को भी पुलिस के पास भिजवाया था। लेकिन जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई विधायक ने एसडीओपी करैरा और आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को खुली चुनौती दे डाली। इससे पहले सोमवार को जारी किए गए एक वीडियो में विधायक ने कहा था, ‘वो करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा, अगर तेरे डैडी में दम है तो रोक लेना। मेरा इतिहास पता कर लें।' आज के इस नए वीडियो में उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिन में एसडीओपी स्पष्टीकरण नहीं देते तो 5 से 10 हजार लोगों को लेकर उनके बंगले का घेराव करेंगे और उसे गोबर से भरवा देंगे।
विधाक प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ दर्ज हैं 37 मामले
प्रीतम लोधी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से विधायक हैं। जानकारी के अनुसार इनके खिलाफ करीब 37 आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, अपहरण, मारपीट आदि गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं 2023 चुनाव के हलफनामे के अनुसार, इनके खिलाफ लगभग 9 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। विधायक प्रीतम लोधी को मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का रिश्तेदार बताया जाता है।




साइन इन