इंदौर हनीट्रैप केस की जांच में अब ATS की भी एंट्री, रेशू चौधरी के घर से मोबाइल फोन जब्त
इंदौर हनीट्रैप केस में अब आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) की भी एंट्री हो गई है। एटीएस ने भी अब एसआईटी के साथ मिलकर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। एटीएस ने रेशू चौधरी के घर पर दबिश देकर एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

इंदौर के चर्चित हनीट्रैप केस की जांच में अब आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) की भी एंट्री हो गई है। पहले इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) के साथ अब एटीएस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। एटीएस की टीम ने सागर के मकरोनिया स्थित रेशू चौधरी के घर पर दबिश देकर वह मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिससे कथित तौर पर फोटो और अन्य सामग्री अलग-अलग लोगों को भेजी गई थी।
डीसीपी (क्राइम) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक साइबर एक्सपर्ट अब मोबाइल से डिलीट और फॉरवर्ड किए गए डेटा को रिकवर करने में जुटे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि रेशू ने किन-किन लोगों को फोटो और अन्य संवेदनशील सामग्री भेजी थीं।
बॉयफ्रेंड शुभम भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान रेशू के बॉयफ्रेंड शुभम का नाम भी सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि रेशू चौधरी अक्सर शुभम के साथ इंदौर और भोपाल आती-जाती थी। शुभम खेती का काम करता है और उसे रेशू की गतिविधियों की जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की है।
ओमान में पढ़ाई, शादी और फिर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि रेशू मस्कट (ओमान) में पढ़ाई कर चुकी है। वर्ष 2018 में उसकी शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रहने वाले महेंद्र से हुई थी, लेकिन तीन महीने बाद ही दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद रेशू ने अपने पति, ससुर और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
पुलिस में है रेशू का भाई
पुलिस को यह भी पता चला है कि रेशू का भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है और पिता की मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।
ATS और SIT मिलकर खंगाल रहीं डिजिटल कड़ियां
इंटेलिजेंस एडीजी ए. साईं मनोहर के निर्देश पर ATS को भी जांच में शामिल किया गया है। एजेंसियां अब मोबाइल फोन, चैट, सोशल मीडिया डेटा और फोटो फॉरवर्डिंग नेटवर्क की जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि डिजिटल सबूतों से कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
डीसीपी के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ लगभग पूरी हो चुकी है। मोबाइल फोन और कार जब्त कर लिए गए हैं, जबकि कुछ संदिग्धों की भूमिका की अभी जांच जारी है। सोमवार को हनीट्रैप रैकेट की मास्टरमाइंड श्वेता जैन, अलका दीक्षित, जयदीप दीक्षित, लाखन चौधरी, रेशू चौधरी, जितेंद्र पुरोहित और प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट - हेमंत




साइन इन