वंदेमातरम विवाद व 'भाड़ में जाए कांग्रेस' कहने वाली पार्षद के खिलाफ पार्टी नेता, दी पाकिस्तान जाने की सलाह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार व कांग्रेस नेता केके मिश्रा भी रुबीना खान के वंदेमातरम व कांग्रेस पार्टी पर दिए बयान पर भड़क गए हैं, यहां तक कि उन्होंने ऐसे लोगों को पाकिस्तान में जाकर बसने की सलाह तक दे डाली।

इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की दो पार्षदों के वंदेमातरम गायन से अनुपस्थित रहने व इसे गाने से इनकार करने पर शुरू हुआ विवाद काफी बढ़ गया है। दरअसल कांग्रेस की दो महिला पार्षदों ने इस्लामिक मान्यताओं का हवाला देते हुए राष्ट्र गीत 'वंदे मातरम्' गाने से इनकार करने दिया था, इस दौरान एक पार्षद रुबीना इकबाल खान तो इस मामले को लेकर अपनी ही पार्टी पर ही भड़क गई थीं, और यहां तक कह दिया था कि भाड़ में जाए कांग्रेस पार्टी, हमने उस पार्टी के साथ कोई अनुबंध थोड़ी कर रखा है, इतना कहते हुए उन्होंने ओवैसी की पार्टी में जाने की धमकी तक दे दी थी। जिसके एक दिन बाद अब पार्टी नेताओं ने रुबीना के बयान से किनारा करते हुए उनके खिलाफ ऐक्शन लेने की बात कही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने तो यहां तक कह दिया कि रुबीना अब खुद को कांग्रेस से बाहर ही माने।
इस मामले में पर प्रतिक्रिया देते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने रुबीना इकबाल खान के बयान से किनारा किया और कहा कि रुबीना इकबाल के निष्कासन का प्रस्ताव हम पीसीसी को भेज चुके हैं और रुबीना अपने आप को कांग्रेस से बाहर माने। मीडिया से बातचीत में चिंटू चौकसे ने रुबीना को नसीहत देते हुए कहा, 'निश्चित रूप से राष्ट्रवाद का सम्मान करना, प्रेम करना, अपने भारत से प्रेम करना, अपने देश से प्रेम करना, राष्ट्रीयता से प्रेम करना, हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है, और यह काम धर्म-समाज से ऊपर है, और अगर कोई इस तरह का सम्मान नहीं करता है तो निश्चित रूप से उसे सजा मिलना ही चाहिए।'
'कांग्रेस पर की अनर्गल बयानबाजी, सौ प्रतिशत कार्रवाई करेंगे'
आगे कांग्रेस पार्टी के खिलाफ रुबीना के दिए बयान को लेकर चिंटू चौकसे ने कहा, 'रुबीना इकबाल खान जी ने कांग्रेस को लेकर अनर्गल बातें कीं वो निश्चित रूप से अनुशासनहीनता है, उनके खिलाफ सौ प्रतिशत कड़ी कार्रवाई होगी। रुबीना खान जी आज से ही अपने आप को कांग्रेस पार्टी से बाहर माने। इस तरह के लोगों को कांग्रेस पार्टी कभी भी भाव नहीं देगी।'
केके मिश्रा ने दी पाकिस्तान जाकर बसने की सलाह
उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार व कांग्रेस नेता केके मिश्रा भी रुबीना खान के वंदेमातरम व कांग्रेस पार्टी पर दिए बयान पर भड़क गए हैं, यहां तक कि उन्होंने ऐसे लोगों को पाकिस्तान में जाकर बसने की सलाह भी दे दी। रुबीना के बयान का विरोध करते हुए मिश्रा ने 'एक्स' पर लिखा, 'जो लोग राष्ट्रीय कर्तव्य का पालन नहीं कर सकते, जो 'वंदे मातरम' नहीं कह सकते, वे भाड़ में जाएं, पाकिस्तान जाकर बस जाएं। पार्षद रुबीना खान का बयान एक तरह की राजनीतिक ब्लैकमेलिंग है, यह भाजपा के साथ मिलीभगत करके खेला गया एक खेल है, यह बयान उन मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानियों/सैनिकों का भी अपमान करता है जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया और बलिदान दिया, साथ ही यह भारतीय सेना का भी अपमान है।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप
इसके आगे उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए लिखा, 'भाजपा को इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि वह मंत्री विजय शाह जी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पाई, जिन्होंने कर्नल सोफिया खान और भारतीय सेना का अपमान करते हुए 'राष्ट्र-विरोधी बयान' दिए थे। BJP ने विजय शाह के सामने घुटने टेक दिए हैं और 'राष्ट्रीय कर्तव्य' वाली पार्टी होने का दोहरा चरित्र दिखाया है।'
चिंटू चौकसे से कहा, रुबीना खान को बर्खास्त करें
फिर उन्होंने इंदौर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को नसीहत देते हुए लिखा, 'चिंटू जी, भाजपा और रुबीना जी, दोनों को ही सबक सिखाइए। शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे जी, आप उस पार्टी के स्थानीय अध्यक्ष हैं जिसके नेताओं ने भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराया था। इसलिए रुबीना खान जी को केवल नोटिस न दें, उन्हें कांग्रेस से बर्खास्त कर दें, उन्हें जहां जाना है, जाने दें। पार्टी को निर्दलीय उम्मीदवारों या ऐसे लोगों/परिवारों को कांग्रेस में शामिल करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार और जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए, जिनकी वफ़ादारी संदिग्ध हो।'
कांग्रेस के लिए कहा था भाड़ में जाए, AIMIM में जाने की दी थी धमकी
वंदे मातरम ना बोलने की वजह बताते हुए बुधवार को रुबीना इकबाल खान ने कहा था, 'कुरान में ये है कि एक अल्लाह के सिवाय कोई इबादत के लायक नहीं है। वंदेमातरम का मतलब है वंदे मतलब इबादत करना, मातरम मतलब माता की। तो हम लोग जब एक अल्लाह की इबादत करते हैं तो हम माता की इबादत क्यों करें, हम अपनी सगी मां की इबादत नहीं करते। क्योंकि हमारे लिए हुक्म है ये।'
जब उनसे कहा गया कि कांग्रेस पार्टी वंदेमातरम का समर्थन कर रही है, तो उन्होंने कहा, 'भाड़ में जाए कांग्रेस पार्टी। कर रही है तो करे। अगर वो नहीं हमारा साथ देंगे तो, उनको तो हलवा लगते हैं मुसलमान, खाली वोट लेने के लिए हैं, जब ऐसे मुद्दे आते हैं तो अपना पल्ला झाड़ लेती है।'
आगे जब उन्हें बताया गया कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से आपकी शिकायत करने की बात कही है, तो रुबीना ने कहा, 'बता दे फिर जाकर, ठीक है, हम भी फिर चले जाएंगे ओवैसी की पार्टी में, वहां मुंबई में बहुत सारे वोटों से जीती है, कोई कांग्रेस से अनुबंध थोड़ी लिखा रखा है हमने, कि जिंदगीभर कांग्रेस में ही रहेंगे।'




साइन इन