एमपी में पेट्रोल पंप पर कैसे लग गई भीषण आग? डीजल से भरा टैंकर भी जला; तेज धमाके होते ही भागे लोग- VIDEO
आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। इस घटना के बाद हाईवे और आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात पेट्रोल पंप पर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में डीजल से भरा टैंकर भी आ गया। हादसा रात करीब 8:30 बजे चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप में हुआ है। बताया जा रहा है कि बाइक में अचानक स्पॉर्क होने से मोटरसाइकिल में आग लग गई। इस दौरान 5 धमाके भी हुए हैं। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़िया मौके पर पहुचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। बताया जा रहा है कि हादसे में 12 लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। एक को इंदौर रेफर किया गया है।
एक चिंगारी से पेट्रोल पंप हो गया तबाह
पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डालने पहुचे पत्यक्षदर्शी ने बताया कि सामान्य रूप से वाहनों में ईंधन भरने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक हिस्से से चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की खबर फैलते ही पंप पर मौजूद वाहन चालक अपने वाहनों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग वहां से दूर हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे में घायल 2 महिलाओं और एक पुरुष को इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पुरुष बलराम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल दोनों महिलाओं को भी जिला अस्पताल लाया गया। उनकी पहचान नदीपरूप और सलोनी के रूप में हुई है।
डीजल टैंकर में भी लगी आग, हुए तेज धमाके
प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि पेट्रोल पंप की एक लाइन में ट्रैक्टर और केनों में डीजल भरा जा रहा था, जबकि दूसरी लाइन की दो मशीनों पर बाइक में पेट्रोल डाला जा रहा था। इसी दौरान इंदौर से आया डीजल टैंकर भी खाली किया जा रहा था, तभी एक युवक गर्म हालत में बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा,जैसे ही बाइक सवार ने बाइक का ढक्कन खोला और नोजल टैंक में लगाया, अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। केनों में डीजल भरवा रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद पचोर नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची।
आग लगते ही जान बचाकर भागे लोग
आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जबकि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। इस घटना के बाद हाइवे और आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की दमकल टीमें मौके पर पहुँचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के अन्य क्षेत्रों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ बुलाई गईं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पंप के चारों ओर घेराबंदी कर दी और हाईवे पर यातायात को रोक दिया गया ताकि कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में न आए।
क्या बोले अधिकारी
एसडीएम रोहित बमोरे ने बताया की 12 घायलों में से 3 का इलाज पचोर के शासकीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि 3 लोगों को निजी नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, 5 घायलों को शाजापुर रेफर किया गया है, जबकि एक की हालत गंभीर है। उसे इंदौर रेफर किया गया।




साइन इन