A Kerala man was running an incense stick factory in MP, but was robbed of Rs 19 lakh केरल का शख्स MP में चला रहा अगरबत्ती की फैक्ट्री, हो गई 19 लाख की डकैती; पुणे के 5 बदमाश गिरफ्तार, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

केरल का शख्स MP में चला रहा अगरबत्ती की फैक्ट्री, हो गई 19 लाख की डकैती; पुणे के 5 बदमाश गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज पिता कचरू सैयद निवासी कसुंदी जिला पुणे, विशाल पिता अनिल दामोदर निवासी वरवंड जिला पुणे, रमेश पिता बापू करडे निवासी केलगांव जिला पुणे, संतोष पिता अण्णा शिवणकर निवासी दौंड जिला पुणे तथा श्याम पिता तानाजी सालुंखे निवासी हडपसर जिला पुणे के रूप में हुई है।

Wed, 4 March 2026 07:17 PMवार्ता बड़वानी, मध्य प्रदेश
share
केरल का शख्स MP में चला रहा अगरबत्ती की फैक्ट्री, हो गई 19 लाख की डकैती; पुणे के 5 बदमाश गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र स्थित सेमलिया औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक अगरबत्ती फैक्ट्री में हुई डकैती के मामले में महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 19 लाख रुपए का माल और दो कारें जब्त की हैं। बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बुधवार दोपहर मामले का खुलासा करते हुए मीडिया को बताया कि महाराष्ट्र के दो थाना क्षेत्रों की पुलिस के सहयोग और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपियों को पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब चार बजे महाराष्ट्र निवासी पांच बदमाश सेमलिया की फ्लोरल इंडस्ट्रीज अगरबत्ती फैक्ट्री में घुसे थे। उन्होंने फैक्ट्री मालिक केरल निवासी अमीर अबू बकर हमजा और चौकीदार अजय के साथ मारपीट की तथा मुनीम को बंधक बनाकर नकदी व कीमती सामान लूट लिया। इस दौरान बदमाश फैक्ट्री मालिक की कार, दो क्विंटल चंदन जैसी लकड़ी, तीन मोबाइल फोन, करीब 30 हजार रुपए नकद, 41 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल, तीन लाख 70 हजार रुपए का करीब 35 किलोग्राम सुगंधित तेल व अन्य सामान कार में भरकर फरार हो गए।

डकैती की खबर मिलते ही पुलिस हो गई सक्रिय

घटना की सूचना सुबह छह बजकर तीस मिनट पर पुलिस को मिली। थाना प्रभारी ओपी सिंह चौंगड़े के नेतृत्व में टीम गठित कर नाकाबंदी की गई और महाराष्ट्र पुलिस को भी सतर्क किया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पीछा कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

पुणे के रहने वाले हैं पांचों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज पिता कचरू सैयद निवासी कसुंदी जिला पुणे, विशाल पिता अनिल दामोदर निवासी वरवंड जिला पुणे, रमेश पिता बापू करडे निवासी केलगांव जिला पुणे, संतोष पिता अण्णा शिवणकर निवासी दौंड जिला पुणे तथा श्याम पिता तानाजी सालुंखे निवासी हडपसर जिला पुणे के रूप में हुई है।

चंदन चोरी की वारदातों में शामिल रहा मास्टरमाइंड

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड रमेश है, जो कि चंदन की चोरी के कई मामलों में लिप्त पाया गया है और उसे चंदन से जुड़े उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्रियों की जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपए नकद, चार मोबाइल फोन, सुगंधित तेल के ड्रम, चंदन लकड़ी और दो कारें जब्त की हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मेरी चप्पल चली गई; MP के फेमस मंदिर में हुई घटना, अधिकारी ने पुलिस को लिखा पत्र
ये भी पढ़ें:फ्री कोचिंग क्लास, टॉपर्स को 51 हजार रु; अपने बर्थडे पर शिवराज देंगे इतनी सौगात
ये भी पढ़ें:शिवराज, राजनाथ से बात किए बिना ट्रम्प को फोन लगाया; PM पर राहुल का नया हमला

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हें फैक्ट्री की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी और वे पूर्व में भी क्षेत्र में आ चुके थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित सरगना की तलाश में जुटी है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।