एमपी में कार में लगी आग, 3 लोगों की जलकर मौत, चार साल का बच्चा भी शामिल
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में भीषण सड़क हादसे में परिवार के 3 सदस्यों की जिंदा जलकर मरने की खबर सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में जान गवानें वालों में 4 साल का बच्चा भी शामिल है। घटना में 2 अन्य गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में भीषण सड़क हादसे में परिवार के 3 सदस्यों की जिंदा जलकर मरने की खबर सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में जान गवानें वालों में 4 साल का बच्चा भी शामिल है। घटना में 2 अन्य गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। बैहर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) जयंत मस्कोले ने PTI को बताया कि यह हादसा शनिवार देर रात बैहर-मलजखंड रोड पर केलवारी चौराहे के पास हुआ।
मरने और घायलों में कौन शामिल
पुलिस के मुताबिक, सीताराम केलकर (35) और उनकी मां नानाबाई (60) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पिता नागरची केलकर (65), पत्नी सविता (32), और उनका बेटा अबवी (4) जलकर मर गए हैं।
8 साल की बच्ची को नहीं आई चोट
अधिकारी ने बताया कि केलकर परिवार के साथ यात्रा कर रही पड़ोसी की बेटी पूर्वी रहांगडाले (8) को कोई चोट नहीं आई है। पीड़ित स्थानीय लोग थे और सीताराम के साथ हैचबैक कार में पौनी अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, सीताराम ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया, जिससे वह सड़क से उतरकर खाई में गिर गई। गाड़ी में तुरंत आग लग गई और सभी लोग अंदर फंस गए।
खिड़कियां तोड़कर घायलों को निकाला बाहर
अधिकारी ने बताया कि राहगीरों ने कार की खिड़कियां तोड़कर तीन लोगों को बाहर निकाला, लेकिन आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और बाकी लोगों को बचाया नहीं जा सका।पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, गाड़ी जल चुकी थी। इस भयानक हादसे के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।




साइन इन