सर्दियों की स्पेशल है मेथी वाली चटपटी कढ़ी, ये तड़का लगाकर दोगुना हो जाएगा स्वाद
Methi Ki Kadhi: सर्दियों में मेथी की कढ़ी जरूर बनती है। अब आपने इसकी कई रेसिपी ट्राई की होंगी लेकिन एक बार जरा इस तरीके से मेथी कढ़ी बनाकर देखिए। इसका स्वाद एकदम नेक्स्ट लेवल आएगा।

मौसम कोई भी हो, गरमा-गरम कढ़ी चावल खाने का मजा कुछ और ही है। अब चूंकि विंटर्स शुरू हो गए हैं, तो कढ़ी में हरी सब्जियां डालकर स्पेशल टेस्ट देना तो बनता है। ऐसे में इन दिनों घर-घर में मेथी की कढ़ी जरूर बनती है। ये खाने में बहुत ज्यादा स्वादिष्ट होती है और साथ ही पौष्टिक भी। बच्चे भी मेथी वाली कढ़ी खूब शौक से खा लेते हैं। अब आपने इसकी कई रेसिपी ट्राई की होंगी लेकिन एक बार जरा इस तरीके से मेथी कढ़ी बनाकर देखिए। इसका स्वाद एकदम नेक्स्ट लेवल आएगा। तो चलिए सर्दियों की खास मेथी कढ़ी बनाने का तरीका जान लेते हैं।
मेथी की कढ़ी बनाने की सामग्री
मेथी की कढ़ी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं - 1 कप खट्टी दही, बेसन (2 चम्मच), देसी घी, 1 चम्मच अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट, कटी हुई मेथी (2 कप), आधा चम्मच हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर (1 चम्मच), नमक (स्वादानुसार)।
अब तड़के के लिए ये चीजें चाहिए होंगी - देसी घी (2 चम्मच), जीरा (1 चम्मच), राई के दाने (1 चम्मच), आधा चम्मच धनिया के बीज (दरदरे कुटे हुए), चुटकी भर हींग, 1 कटी हुई प्याज, 2 सूखी लाल मिर्च, 1 चम्मच कटा हुआ हरा लहसुन, कसूरी मेथी (1 चम्मच)।
स्पेशल मेथी की कढ़ी बनाने की विधि
सबसे पहले दही, बेसन और थोड़ा सा पानी मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। अब एक पैन में देसी घी गर्म कर लें, उसमें हरी मिर्च, अदरक और लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ मिनटों के लिए भून लें। मेथी के पत्ते (कटे हुए) एड करें और इन्हें भी 1-2 मिनट के लिए भून लें। इसमें स्वादानुसार नमक, हल्दी और धनिया पाउडर डालकर हल्का सा पानी भी एड करें। मसालों को भूनने के बाद दही और बेसन का घोल मिलाएं। सभी चीजों को मिक्स करते हुए चलाती रहें, जबतक कढ़ी में उबाल ना आने लगे। अब 15 से 20 मिनट के लिए लो फ्लेम पर कढ़ी को पकने दें।
तड़के के लिए पैन में देसी घी गर्म करें, उसमें जीरा, धनिया के बीज (दरदरे कुटे हुए), हींग, सूखी लाल मिर्च डालकर चटका लें। अब इसमें कटी हुई प्याज और हरा लहसुन डालकर भूनें। मसालों के लिए लाल मिर्च पाउडर, कसूरी मेथी डालें और एक मिनट के लिए पका लें। ये तड़का कढ़ी में ऊपर से एड करें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। आपकी विंटर स्पेशल मेथी की कढ़ी बनकर तैयार है। इसे गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन