जरा सा नमक-मिर्च डालकर बना लें टेस्टी अमरूद पापड़, शेफ पंकज ने शेयर की मजेदार रेसिपी
जरा सी नमक-मिर्च डालकर आप अमरूद के बड़े टेस्टी पापड़ रोल्स बनाकर तैयार कर सकती हैं। ये बच्चों से ले कर बड़ों तक को काफी पसंद आने वाले हैं। मास्टरशेफ पंकज ने हाल ही में इनकी रेसिपी शेयर की है, आइए जानते हैं।

सर्दियों के मौसम में आने वाले सुपरफूड्स में से एक अमरूद भी है। एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर, विटामिन सी और कई अन्य पोषक तत्वों से भरपूर अमरूद अगर आप अपनी डाइट का हिस्सा बना लें, तो कई रोग वैसे ही दूर रहें। अब अमरूद को आपने नॉर्मली काटकर खाया होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि इसके पापड़ भी बनते हैं? जी हां, जरा सी नमक-मिर्च डालकर आप अमरूद के बड़े टेस्टी पापड़ रोल्स बनाकर तैयार कर सकती हैं। ये बच्चों से ले कर बड़ों तक को काफी पसंद आने वाले हैं। मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने हाल ही में इनकी रेसिपी शेयर की है, आइए जानते हैं।
अमरूद के पापड़ बनाने की सामग्री
अमरूद के पापड़ बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत है वो हैं - पके हुए अमरूद (लगभग आधा किलो), चीनी (1 कप), नींबू का रस (1 चम्मच), आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच नमक, पिंक फूड कलर की कुछ बूंदें (ऑप्शनल) और बटर (1 चम्मच)।
ऐसे बनाएं अमरूद पापड़ रोल्स
अमरूद पापड़ बनाने के लिए सबसे पहले अमरूद को धो कर काट लें और एक प्रेशर कुकर में आधा कप पानी के साथ दो सीटी आने तक पका लें। अब इस पके हुए अमरूद को मिक्सर में डालकर इसका पेस्ट बना लीजिए। इस पेस्ट को छलनी की मदद से छान लें और सभी बीज अलग कर लें। इसके बाद एक पैन में अमरूद का ये पेस्ट एड करें और इसके जितनी ही चीनी भी मिलाएं। इसे थोड़ी देर पकाएं और फिर एक नींबू का रस एड कर दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, फिर इसमें काला नमक, लाल मिर्च, सादा नमक और कुछ बूंदे पिंक फूड कलर की भी एड कर दें।
धीरे-धीरे जब इसमें बुलबुले उठना शुरू हो जाएं, तो थोड़ा सा बटर एड कर दें। इसे तब तक पकाएं, जब तक ये मिक्सचर पैन की साइड्स छोड़ना शुरू नहीं कर देता। अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा सा ऑयल लगाकर ग्रीस कर लें और अमरूद का मिक्सचर स्प्रेड कर लें। जब ये ठंडा हो जाए, तो इसे लंबा-लंबा काट कर रोल कर लें और पिस्ता डालकर गार्निश करें। आपके अमरूद पापड़ रोल्स बनकर तैयार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन