बिना घंटों दूध जलाए, मिनटों में तैयार हो जाती है लजीज मखाना रबड़ी, नोट करें रेसिपी
Makhana Rabri Recipe : मखाना रबड़ी केवल एक मिठाई नहीं, बल्कि स्वाद और सेहत का वो अनूठा संगम है जो सादगी में भी राजसी ठाट का अहसास कराता है। यह रेसिपी हर उस शख्स के लिए परफेक्ट है जो कम मेहनत में कुछ 'लाजवाब' बनाकर परोसना चाहता है।

Makhana Rabri Recipe In Hindi : ज्यादातर लोग मखानों का सेवन या तो व्रत के दौरान करते हैं या फिर सेहत अच्छी बनाए रखने के लिए। लेकिन आज मखानों की जो रेसिपी हम आपके लिए लेकर आए हैं वो व्रत, सेहत के साथ आपके स्वाद को भी एक किक देने वाली है। जी हां, मखानों की मदद से तैयार होने वाली यह रबड़ी रेसिपी ना सिर्फ झटपट बनकर तैयार होती है बल्कि खाने में भी बेहद टेस्टी होती है। इस रबड़ी की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए आपको ट्रेडिशनल रबड़ी रेसिपी की तरह घंटों दूध को उबालकर गाढ़ा भी नहीं करना पड़ता। बता दें, मखाना रबड़ी केवल एक मिठाई नहीं, बल्कि स्वाद और सेहत का वो अनूठा संगम है जो सादगी में भी राजसी ठाट का अहसास कराता है। यह रेसिपी हर उस शख्स के लिए परफेक्ट है जो कम मेहनत में कुछ 'लाजवाब' बनाकर परोसना चाहता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है टेस्टी और हेल्दी मखाना रबड़ी रेसिपी।
मखाना रबड़ी रेसिपी बनाने के लिए सामग्री
-2 कप मखाने
-1 लीटर फुल क्रीम दूध
-1/4 कप चीनी
-1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-8-10 धागे केसर (1 चम्मच दूध में भिगोए हुए)
-कटे हुए मेवे 2-3 चम्मच (बादाम, पिस्ता और काजू)
-1 बड़ा चम्मच घी
मखाना रबड़ी बनाने का तरीका
मखाना रबड़ी बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को भून लें। इसके लिए एक कड़ाही में घी गर्म करके मखानों को धीमी आंच पर 5 मिनट तक कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद भुने हुए मखानों को हल्का ठंडा करने के लिए अलग रख दें। जब मखाने हल्के ठंडे हो जाएं तो इनमें से मुट्ठी भर मखाने अलग रख दें और बाकी को मिक्सी में दरदरा पीस लें। इस बात का खास ख्याल रखें कि मखानों को पीसते समय उन्हें दरदरा ही रखना है ना कि उनका पाउडर बनाना है।
दूध उबालें- अब मखाने की रबड़ी तैयार करने के लिए एक भारी तले वाली कड़ाही में दूध डालकर उसे तब तक उबालते हुए पकाएं जब तक वह पककर लगभग 60-70 प्रतिशत तक न रह जाए। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मलाई किनारों पर जमती रहे। कड़ाही के किनारे लगने वाली मलाई को किनारों से खुरचकर वापस दूध में डालते जाएं।
मखाने मिलाएं- अब दूध में दरदरे पिसे हुए मखाने और साबुत बचाए हुए मखाने डालकर लगभग 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर और पकने दें। जब मखाने दूध सोख लेंगे तो दूध गाढ़ा होने लगेगा। रबड़ी में मिठास और खुशबू जोड़ने के लिए इसमें चीनी, भिगोया हुआ केसर और इलायची पाउडर डालें। रबड़ी में चीनी घुलने तक 2 मिनट तक और पकाएं। आखिर में रबड़ी को गार्निश करने के लिए आखिर में कटे हुए मेवे डालकर गैस बंद कर दें। आपकी टेस्टी मखाना रबड़ी बनकर तैयार है। इसे ठंडा होने पर फ्रिज में रख दें। एक घंटे बाद आप रबड़ी को खाने के लिए सर्व कर सकते हैं।
रबड़ी का जायका बढ़ाएंगे ये खास टिप्स
-मखाना रबड़ी को आप गरमा-गरम भी खा सकते हैं, लेकिन फ्रिज में 1-2 घंटे ठंडा करने के बाद इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
-अगर आप फिटनेस को देखते हुए रबड़ी में चीनी नहीं डालना चाहते हैं, तो गैस बंद करने के बाद इसमें थोड़ा सा गुड़ का पाउडर या शहद मिला सकते हैं। यह रबड़ी को नेचुरल मिठास देगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन