मुंह में घुल जाएंगे ये नर्म पालक के कोफ्ते, बच्चे भी खूब स्वाद ले कर खाएंगे, देखें रेसिपी Make Spinach Irresistible Try This Melt Soft Palak Kofta Recipe, रेसिपी - Hindustan
More

मुंह में घुल जाएंगे ये नर्म पालक के कोफ्ते, बच्चे भी खूब स्वाद ले कर खाएंगे, देखें रेसिपी

Palak Kofta Recipe: बच्चे हरी सब्जी देखते ही गायब हो जाते हैं। ऐसे में आप पालक के कोफ्ते बनाकर सकती हैं। ये इतने स्वादिष्ट बनते हैं कि लगता ही नहीं कि ये कोई बोरिंग हरी सब्जी है। 

Thu, 20 Nov 2025 09:51 AMAnmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तान
share
मुंह में घुल जाएंगे ये नर्म पालक के कोफ्ते, बच्चे भी खूब स्वाद ले कर खाएंगे, देखें रेसिपी

सर्दियों के मौसम में ढेर सारी हरी सब्जियां बाजार में आती हैं, जिनमें से एक है पालक। ये आयरन, कैल्शियम, फोलेट, विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। पालक को कई तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है, जैसे सूप, सब्जी या साग बनाकर। लेकिन बच्चे हरी सब्जी देखते ही गायब हो जाते हैं। कितनी भी स्वादिष्ट पालक की सब्जी बना लो, बच्चे अक्सर मुंह बनाते ही हैं। ऐसे में आप पालक के कोफ्ते बनाकर उन्हें दे सकती हैं। ये इतने स्वादिष्ट बनते हैं कि लगता ही नहीं कि ये कोई बोरिंग हरी सब्जी है। रोटी और पराठे के साथ इन्हें खाने में मजा आ जाता है। तो चलिए पालक कोफ्ते की सिंपल सी रेसिपी जान लेते हैं।

पालक के कोफ्ते बनाने की सामग्री

पालक के कोफ्ते बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- पालक (लगभग 100 ग्राम), बेसन (4 चम्मच), आधा चम्मच अजवाइन, हल्दी पाउडर (1/3 चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), गरम मसाला (आधा चम्मच), नमक स्वादानुसार और तेल।

ग्रेवी बनाने के लिए सामग्री- प्याज (1 कप), टमाटर (1 कप), आधा चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, 1 बड़ी इलायची, आधा इंच दालचीनी का टुकड़ा, हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), जीरा पाउडर (आधा चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला (आधा चम्मच), दही (2 चम्मच), नमक स्वादानुसार, तेल (4 चम्मच) और हरा धनिया पत्ता।

ऐसे बनाएं पालक के टेस्टी कोफ्ते

सबसे पहले पालक के पत्तों को धो कर बारीक काट लें। अब इनमें बेसन, अजवाइन, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इस दौरान हल्का सा पानी भी एड कर सकती हैं और इसे गूंथने के बाद हल्का सा तेल भी लगा दें। कोफ्ते का मिक्सचर बनकर तैयार है। इससे छोटी-छोटी बॉल्स बना लें और गर्म तेल में फ्राई कर लें। गैस की फ्लेम धीमी रखें और गोल्डन ब्राउन होने तक इन्हें तल लें।

अब एक मिक्सर में प्याज और टमाटर डालकर पीस लें। गैस पर पैन में तेल गर्म करें, जीरा डालें, फिर तेजपत्ता और दालचीनी का टुकड़ा और आखिर में प्याज-टमाटर का पेस्ट एड कर दें। इसमें मसाले एड करें जैसे हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर के दो से तीन मिनट के लिए पका लें। ग्रेवी पक जाए तो गैस की फ्लेम बंद करें और दही मिला दें, फिर दोबारा गैस ऑन करें।

आप ग्रेवी को गाढ़ा या पतला जैसा रखना चाहती हैं, उस हिसाब से पानी एड करें। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं और ढककर उबाल आने तक पका लें। ग्रेवी अच्छे से पक जाए, तो इसमें पालक के कोफ्ते एड करें। इन्हें थोड़ी देर पकने दें और ऊपर से हरा धनिया भी एड कर लें। आपके टेस्टी पालक के कोफ्ते बनकर तैयार हैं।

(Images Credit: @bharatzkitchen, Pinterest)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जरा सा नमक-मिर्च डालकर बना लें टेस्टी अमरूद पापड़, शेफ पंकज ने शेयर की रेसिपी
ये भी पढ़ें:स्पाइसी मैगी पसंद है तो एक बार ये तरीका ट्राई करें, शेफ यमन ने शेयर की रेसिपी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।