आम के साथ बस 2 चीजें मिलाकर बनाएं बाजार जैसी मैंगो आइसक्रीम, शेफ पंकज भदौरिया ने बताई रेसिपी
चिलचिलाती गर्मी में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम सुकून देती है। घर की बनी मैंगो आइसक्रीम हो तो खाने में ज्यादा मजा आएगा। तो आज हम आपके साथ शेफ पंकज भदौरिया की बताई रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। आप सिर्फ 3 चीजों से इसे बना सकते हैं।

Mango Ice Cream Recipe: मास्टरशेफ पंकज भदौरिया अपने यूट्यूब चैनल पर अक्सर नई-नई और आसान रेसिपी शेयर करती रहती हैं। गर्मियों के मौसम को खास बनाने के लिए उन्होंने समर स्पेशल मैंगो आइसक्रीम की रेसिपी बताई है, जिसे सिर्फ 3 चीजों की मदद से घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। अगर आप भी बाजार जैसी क्रीमी और स्वादिष्ट आइसक्रीम घर पर बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है। खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और न ही बहुत सारे सामान की जरूरत पड़ती है। आम का सीजन शुरू हो चुका है और ऐसे में बच्चों से लेकर बड़े तक हर किसी को आम से बनी ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खूब पसंद आएगी। तो आइए जानते हैं शेफ पंकज भदौरिया की आसान और टेस्टी मैंगो आइसक्रीम रेसिपी।
क्या-क्या चाहिए
मैंगो आइसक्रीम बनाने के लिए आपको बस 3 चीजें चाहिए- 2 बड़े आम, 1 कप व्हिपिंग क्रीम, डेढ़ कप कंडेंस्ड मिल्क।
बैटर रेडी करें
अब जानते हैं शेफ पंकज भदौरिया की स्टाइल में टेस्टी मैंगो आइसक्रीम बनाने का आसान तरीका। इसके लिए सबसे पहले आमों को अच्छी तरह धोकर छील लें और उनका गूदा निकाल लें। अगर आम छोटे हैं तो आप 3 आम भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद आम के गूदे को मिक्सर में डालकर स्मूद प्यूरी तैयार कर लें। अब एक बड़े बाउल में व्हिपिंग क्रीम लें और उसे अच्छे से व्हिप करें। आप चाहें तो मथनी या चम्मच की मदद से भी इसे फेंट सकते हैं। क्रीम को तब तक चलाएं, जब तक उसका टेक्सचर हल्का और स्मूद न हो जाए।
आइसक्रीम बनाएं
अब एक बड़े बाउल में व्हिपिंग क्रीम लें और उसमें डेढ़ कप कंडेंस्ड मिल्क व तैयार मैंगो प्यूरी डालकर अच्छे से मिक्स करें। बैटर को तब तक चलाएं, जब तक इसका टेक्सचर पूरी तरह स्मूद और क्रीमी न हो जाए। इसके बाद तैयार मिश्रण को एयरटाइट कंटेनर में डालें और ऊपर से आम के छोटे-छोटे टुकड़े डाल दें, ताकि आइसक्रीम का स्वाद और लुक दोनों शानदार लगे। आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी या दूसरी बेरीज भी टॉपिंग में ऐड कर सकते हैं। कंडेंस्ड मिल्क पहले से मीठा होता है, लेकिन अगर आपको ज्यादा मिठास पसंद है तो इसमें थोड़ा चीनी भी मिला सकते हैं। अब कंटेनर को 8-9 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। बस तैयार है आपकी घर पर बनी ठंडी-ठंडी और क्रीमी मैंगो आइसक्रीम। गर्मियों में फैमिली के साथ इसका मजा जरूर लें।
- आज शेफ पंकज भदौरिया ने अपनी हेल्थ अपडेट देते हुए बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। उन्हें आप अपनी दुआएं भेजें और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन