सिर्फ 1 चम्मच तेल में बनाएं प्याज की कुरकुरी भजिया, स्वाद और सेहत दोनों बने रहेंगे!
Healthy and Tasty Recipes: भजिया कुरकुरी तभी बनती हैं जब इन्हें ऑयल में डीप फ्राई किया जाए। अगर आपको भी यही लगता है तो चलिए आज आपको सिर्फ एक चम्मच तेल में क्रिस्पी भजिया बनाने का तरीका बताते हैं।

सर्दियों का मौसम हो और गरमा-गरम चाय के साथ प्याज की भजिया खाने को मिल जाए, इससे बेहतर क्या हो सकता भला। प्याज की कुरकुरी भजिया खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं। इनका चटपटा स्वाद भी हर किसी को पसंद आता है। लेकिन एक दिक्कत है और वो है इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाला ढेर सारा ऑयल। भजिया कुरकुरी तभी बनती हैं जब इन्हें ऑयल में डीप फ्राई किया जाए। अगर आपको भी यही लगता है तो चलिए आज आपको सिर्फ एक चम्मच तेल में क्रिस्पी भजिया बनाने का तरीका बताते हैं। शेफ नेहा दीपक शाह ने इस रेसिपी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। आइए स्टेप बाय स्टेप रेसिपी जानते हैं।
प्याज की भजिया बनाने के लिए सामग्री
प्याज की कुरकुरी और बिना तेल वाली भजिया बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं - दो बड़ी प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर (1/3 कप), हरा धनिया ( 2 चम्मच, कटा हुआ), 2 हरी मिर्च, 3/4 कप बेसन, हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच) और पानी (2 चम्मच)। आप चाहें तो हल्का सा अजवाइन भी मिला सकती हैं।
ऐसे बनाएं हेल्दी और टेस्टी प्याज की भजिया
भजिया आमतौर पर काफी तेल सोखती हैं। इसलिए इन्हें डीप फ्राई करने के बजाए एयर फ्राई करना ज्यादा बेहतर ऑप्शन है। इस तरह आप एक चम्मच तेल में ही फुल प्लेट प्याज की भजिया बना सकती हैं। हालांकि इन्हें एयर फ्राई करने का तरीका थोड़ा सा अलग है, जिससे भजिया एकदम क्रिस्पी कुरकुरी बनती हैं। आइए स्टेप बाय स्टेप समझते हैं।
सबसे पहले भजिया के लिए बैटर बनाकर तैयार कर लें। एक बाउल में कटी हुई प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर (ऑप्शनल), कटा हुआ हरा धनिया पत्ता, हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और बेसन डालकर मिक्स करें। इसमें बिल्कुल थोड़ा सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा सा बैटर तैयार कर लें।
अब बारी है इन्हें एयर फ्राई करने की। इसके लिए सबसे पहले बिना तेल के इन्हें लगभग 3 मिनट के लिए एयर फ्राई कर लें। फिर 3 मिनट के बाद भजिया पर हल्का-हल्का तेल लगा दें। अब दोबारा इन्हें 5 मिनट एयर फ्राई करने के लिए रख दें। इसके बाद भजिया को फ्लिप करें यानी दूसरी साइड से फ्राई होने के लिए रख दें। लगभग 3-4 मिनट के लिए इन्हें कुक होने दें। इस तरीके से एयर फ्राई करेंगी तो भजिया एकदम क्रिस्पी बनेंगी और बिल्कुल भी नहीं लगेगा कि इन्हें डीप फ्राई नहीं किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन