चाय के साथ बनाएं बिहारी स्टाइल आलू चॉप, चटपटी रेसिपी के आगे भूल जाएंगे पकौड़े!
Recipe: छुट्टी वाले दिन नाश्ते में या शाम की चाय के साथ आप फटाफट आलू चॉप बना सकती हैं। कभी पकौड़े जैसा ही कुछ लेकिन थोड़ा सा अलग खाने का मन है, तो आलू चॉप परफेक्ट ऑप्शन है। तो चलिए रेसिपी जान लेते हैं।

बिहार की डिशेज देशभर में पॉपुलर हैं। लिट्टी चोखा, आलू की भुजिया, ठेकुआ, मालपुआ और चूड़ा जैसी कई डिशेज हैं, जो इतनी टेस्टी लगती हैं कि बिहार से बाहर भी लोगों की फेवरिट बन चुकी हैं। आज हम एक और फेमस बिहारी डिश की रेसिपी ले कर आए हैं, जिसे आलू चॉप कहा जाता है। इसे उबले हुए आलू, मसाले और बेसन डालकर बनाया जाता है। खाने में इतनी टेस्टी लगती है और बनाने में भी बहुत सिंपल है। छुट्टी वाले दिन नाश्ते में या शाम की चाय के साथ आप फटाफट आलू चॉप बना सकती हैं। कभी पकौड़े जैसा ही कुछ लेकिन थोड़ा सा अलग खाने का मन है, तो आलू चॉप परफेक्ट ऑप्शन है। तो चलिए आलू चॉप की रेसिपी जान लेते हैं।
आलू चॉप बनाने के लिए सामग्री
आलू चॉप बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- उबले हुए आलू (3), प्याज (1), हरी मिर्च (2), अदरक का टुकड़ा (1.5 इंच), मेथी दाना (आधा छोटा चम्मच), चुटकी भर हींग, सूखी लाल मिर्च (2), धनिया पत्ता, लहसुन की कलियां (3-4), काली मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर, नमक, गरम मसाला, चिली फ्लेक्स, बेसन (1 कप) और तलने के लिए तेल।
टेस्टी आलू चॉप बनाने का तरीका
बिहार की स्पेशल आलू चॉप बनाने के लिए सबसे पहले आलू का मसाला बनाकर तैयार करना है। इसके लिए एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, फिर उसमें मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का लें। इसके बाद अदरक, लहसुन और बारीक कटी हुई प्याज डालकर भून लें। अब इसमें कुछ बेसिक मसाला मिलाएं जैसे काली मिर्च पाउडर, नमक, गरम मसाला, जीरा पाउडर और हल्दी पाउडर। मसाले अच्छे से भुन जाएं तो इसमें उबले हुई आलू फोड़कर डाल दें। सभी चीजें अच्छे से मिक्स करें, आपका आलू चॉप का मसाला बनकर तैयार है।
अब एक बाउल में बेसन का घोल बनाएं। इसके लिए बेसन में नमक, हल्दी, कुटी हुई लाल मिर्च (चिली फ्लेक्स), हरा धनिया पत्ता और पानी डालकर एक घोल तैयार कर लें। घोल थोड़ा गाढ़ा ही रखें। अब आलू का मसाला जो आपने तैयार किया था, उससे छोटी छोटी टिक्कियां बनाएं और बेसन के घोल ने डिप करें। इसके बाद गर्म तेल में तल लें। टेस्टी आलू चॉप बनकर तैयार है। इसे हरी चटनी और गरमा-गरम चाय के साथ सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन