मेथी का पराठा बना रहीं तो आटे में मिला दें ये चीजें, सब पूछेंगे- इतना टेस्टी कैसे बनाया?
Methi Paratha Recipe: आज हम आपको मेथी के पराठे बनाने का थोड़ा सा अलग तरीका बता रहे हैं। पराठे के आटे में आपको कुछ और चीजें भी एड करनी हैं, फिर देखिएगा कितना स्वादिष्ट पराठा बनकर तैयार होगा।

सर्दियों में हर घर में तरह-तरह के पराठे बनते हैं। खासतौर से सुबह नाश्ते में चाय पराठे खाने का अलग ही मजा होता है। खैर, इन दिनों हरी-हरी मेथी भी बाजार में खूब आती है, जिससे बड़े टेस्टी से पराठे बनते हैं। आपने भी सर्दियों में मेथी के पराठे कई बार बना लिए होंगे। आमतौर पर मेथी के पत्ते, अजवाइन, नमक को आटे में गूंथकर इसके पराठे बनाए जाते हैं। लेकिन आज हम आपको मेथी के पराठे बनाने का थोड़ा सा अलग तरीका बता रहे हैं। पराठे के आटे में आपको कुछ और चीजें भी एड करनी हैं, फिर देखिएगा कितना स्वादिष्ट पराठा बनकर तैयार होगा। इंस्टाग्राम पर रश्मि कुमारी (मसाला चैन रिएक्शन) ने इस रेसिपी को शेयर किया है। आइए जानते हैं।
पराठे के आटे में मिलाएं ये चीजें
इस नए तरीके से मेथी के पराठे बनाएंगी तो हर दूसरे दिन घरवाले इन्हीं की डिमांड करेंगे। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा (3 कप), बेसन (1 कप), मेथी के पत्ते (1 कप), अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट (2 चम्मच), दही (2 चम्मच), अजवाइन, जीरा पाउडर, नमक, गरम मसाला, चुटकी भर हींग और देसी घी या तेल।
नए तरीके से बनाएं मेथी का पराठा, बढ़ जाएगा स्वाद
टेस्टी सा मेथी का पराठा बनाना है तो आटा लगाते समय उसमें कुछ चीजें आपको और मिलानी पड़ेंगी। इसके लिए सबसे पहले गेहूं के आटे में जरा सा बेसन मिलाएं, इससे पराठा बहुत ही क्रिस्पी बनता है। अब इसमें कटे हुए मेथी के पत्ते एड करें। साथ में हरी मिर्च, लहसुन और अदरक का पेस्ट बनाकर डालें। हाथों से मसलकर अजवाइन मिलाएं, साथ ही जीरा पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। पराठे का स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें दो चम्मच दही भी मिला दें।

अब बारी है एक सीक्रेट स्टेप की जो आपके पराठे का स्वाद दोगुना बना देगा। इसके लिए आपको देसी घी या तेल को गर्म कर लेना है और फिर उसमें चुटकी भर हींग डालकर एक तड़का तैयार कर लेना है। इस तड़के को आटे में डालें। खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे। अब सभी चीजों को आटे में अच्छी तरह मिक्स करें, फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गूंथ लें। आपको ज्यादा पानी का इस्तेमाल नहीं करना है।
आटा गूंथने के बाद इसे लगभग 15 मिनट के लिए रेस्ट करना रख दीजिए। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं, फिर उन्हें बेलते हुए पराठे की शेप दे दें। देसी घी या तेल लगाकर पराठे दोनों तरफ से सेंक लें। जैसे ही ये गोल्डन रंग के हो जाएं, आपके पराठे तैयार हैं। ये इतने टेस्टी लगते हैं कि चटनी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अचार या दही के साथ भी इन्हें एंजॉय कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन