इस होली बनाएं हलवाई जैसी चाशनी वाली मावा गुजिया, देखें सही माप और बनाने का तरीका
Holi 2026 Special Recipe: इस होली अगर आप भी मावे वाली गुजिया बनाने की सोच रही हैं, तो ये रेसिपी फॉलो कर सकती हैं। चाशनी वाली ये गुजिया एकदम हलवाई स्टाइल बनेगी, जिसे खा कर हर कोई आपकी तारीफ करेगा।

होली का त्योहार बिना गुजिया के अधूरा है। गुजिया एक पारंपरिक मिठाई है, जिसमें मावे और ड्राई फ्रूट्स की स्टफिंग बनाई जाती है और मैदे की कोटिंग में भरी जाती है। ये बाहर से एकदम खस्ता करारी होती है, वहीं अंदर से एकदम मुंह में घुल जाने वाली। अगर आपने हलवाई वाली गुजिया खाई होगी तो नोटिस किया होगा कि वो हमेशा चाशनी वाली गुजिया बनाते हैं और उसकी स्टफिंग शुद्ध मावे की बनी होती है। पारंपरिक रूप से गुजिया इसी तरह बनाई जाती है और खाने में भी ये बहुत ज्यादा टेस्टी लगती है। इस होली अगर आप भी मावे वाली गुजिया बनाने की सोच रही हैं, तो ये रेसिपी फॉलो कर सकती हैं। चाशनी वाली ये गुजिया एकदम हलवाई स्टाइल बनेगी, जिसे खा कर हर कोई आपकी तारीफ करेगा।
चाशनी वाली मावा गुजिया बनाने की सामग्री
हलवाई स्टाइल मावा वाली गुजिया बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- मैदा (2 कप), देसी घी (4 बड़े चम्मच)। स्टफिंग के लिए देसी घी (1 चम्मच), अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स, मावा (आधा किलो), चीनी (आधा कप), नारियल का बुरादा (आधा कप), इलायची पाउडर (आधा चम्मच)। वहीं चाशनी बनाने के लिए आपको चीनी (1 कप), पानी (आधा कप), इलायची (1-2), कुछ केसर के धागे और ऑरेंज फूड कलर (ऑप्शनल) चाहिए होंगे।
हलवाई वाली मावा गुजिया बनाने की विधि
हलवाई स्टाइल खस्ता मावा गुजिया बनाने के लिए सबसे पहले आटा लगाकर रख लें। इसके लिए एक परात में मैदा लें और इसमें देसी घी का मोयन लगाकर हाथों से मसलें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को थोड़ा सख्त गूंथ लें और गीले कपड़े से ढककर लगभग 20-30 मिनट के लिए रख दें।
अब स्टफिंग बनाने के लिए पैन में देसी घी गर्म करें और काजू, बादाम, किशमिश जैसे अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक रोस्ट कर लें। इन्हें बाहर निकाल लें फिर पैन में बचे हुए घी में ही मावा हल्का भून लें। इसमें थोड़ी सी चीनी मिलाएं और साथ ही नारियल का बुरादा भी एड करें। अब रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट्स को दरदरा पीसकर मावे में मिलाएं। फ्लेवर के लिए इलायची पाउडर एड करें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर के स्टफिंग तैयार कर लें।
इसके बाद बारी है चाशनी बनाने की। इसके लिए पैन में चीनी, पानी और इलायची डालकर पका लें। इसमें कुछ केसर के धागे भी एड करें और चाहें तो थोड़ा सा ऑरेंज फूड कलर भी डाल सकती हैं। इससे बहुत ही अच्छा कलर आता है। इसे चिपचिपा होने तक पका लें।
अब मैदा की लोई बनाएं और बेलकर गुजिया वाले सांचे में रखें। इसमें मावे वाली स्टफिंग भरें और गुजिया को शेप दें। कढ़ाही में देसी घी हल्का गर्म करें और सारी गुजिया तल लें। अब सारी गुजिया चाशनी में डिप करें और लगभग 2 मिनट के लिए छोड़ दें। एकदम खस्ता हलवाई स्टाइल चाशनी वाली मावा की गुजिया बनकर तैयार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन