खस्ता करारी गुजिया के लिए आटा कैसे गूंथे? शेफ ने बताया कितनी मैदा में कितना मोयन लगाएं!
Gujiya Dough: आटा सही तरीके से लगाना बेहद जरूरी है ताकि गुजिया खस्ता और कुरकुरी बनें। कई बार सही आटा ना लगाने की वजह से गुजिया फटने लगती है या क्रिस्पी नहीं होती। तो चलिए आज गुजिया का आटा लगाने का सही तरीका जानते हैं।

होली का त्योहार आने में कुछ ही दिन बाकी हैं। अब घर-घर में गुजिया बनने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाहर से खस्ता और अंदर से मुंह में घुलने वाली मावे की स्टफिंग, परफेक्ट गुजिया में ये दो चीजें होना बहुत जरूरी है। अब ज्यादातर लोग अंदर की स्टफिंग पर तो खूब ध्यान देते हैं। ढेर सारा मावा,ड्राई फ्रूट्स और देसी घी इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर बाहर की लेयर सही नहीं है तो गुजिया टेस्टी लगती ही नहीं। इसलिए मैदा का आटा सही तरीके से लगाना बेहद जरूरी है ताकि गुजिया खस्ता और कुरकुरी बनें। कई बार सही आटा ना लगाने की वजह से गुजिया फटने लगती है या क्रिस्पी नहीं होती। तो चलिए आज गुजिया का आटा लगाने का सही तरीका जानते हैं। इस माप से एकदम सही मोयन लगेगा और गुजिया एकदम खस्ता और कुरकुरी बनाकर तैयार होगी, बिल्कुल हलवाई स्टाइल।
गुजिया के आटे में कितना मोयन लगाएं?
गुजिया का आटा अगर सही से नहीं लगा है तो गुजिया बिल्कुल भी खस्ता और क्रिस्पी नहीं बनेंगी। इसके लिए शेफ पंकज ने कुछ टिप्स शेयर की हैं। सबसे पहले तो मैदा में सही मात्रा में मोयन डालना जरूरी है। इसके लिए अगर आप दो कप मैदा ले रही हैं तो उसमें लगभग आधा कप देसी घी इस्तेमाल करना है। खस्ता गुजिया बने इसके लिए मोयन लगाना बहुत जरूरी होता है।
रिफाइंड तेल या देसी घी, किसका मोयन लगाना चाहिए?
गुजिया के आटे में देसी घी का मोयन लगाएं या रिफाइंड तेल का, अक्सर गृहणियों का ये सवाल भी रहता है। शेफ पंकज बताती हैं कि रिफाइंड तेल का मोयन नहीं लगाना चाहिए क्योंकि ये काफी जल्दी खराब हो जाता है। इससे आपकी गुजिया कुछ ही दिनों में महक सकती हैं। वहीं रिफाइंड तेल का मोयन देने से गुजिया कभी भी खस्ता और कुरकुरी नहीं बनती है। इसलिए हमेशा देसी घी का मोयन ही लगाना चाहिए।
हमेशा घी को पिघलाकर इस्तेमाल करें
मैदा में कभी भी सख्त देसी घी नहीं डालना चाहिए। इसे गूंथने में भी परेशानी होती है और ये सही से मिक्स भी नहीं हो पाता। इसलिए जब भी घी का मोयन लगाएं, उसे पहले थोड़ा सा गर्म कर लें फिर मिक्स करें।
गुजिया का आटा गूंथने का सही तरीका
मैदा में घी का मोयन मिलाने के बाद इसे हाथों से अच्छी तरह रगड़ते हुए गूंथ लें, जब तक कि ये ब्रेड क्रंब्स जैसी कंसिस्टेंसी का ना हो जाए। अब थोड़े से आटे को मुट्ठी में दबाकर चेक करें। अगर ये लड्डू की तरह बंध जाता है तो मोयन की मात्रा सही है। अगर नहीं बंध पा रहा है तो थोड़ा सा मोयन आपको और भी मिलाना चाहिए।
गुनगुने पानी से लगाएं गुजिया का आटा
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आपको गुजिया का आटा लगा लेना है। इसके लिए हमेशा हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। इससे आटा लगाने में आसानी होती है और ये बेहतर तरीके से गुंथ पाता है। आपको गुजिया के लिए थोड़ा सख्त आटा लगाना है, इसे बहुत ज्यादा गूंथना भी नहीं है। अब आटे को कम से कम 10 मिनट के लिए रेस्ट जरूर दें, फिर गुजिया बनाना शुरू करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन