कुकर में 2 सीटी लगाकर फटाफट बना लें मसाला भात, घी डालकर लगते हैं खूब टेस्टी!
रोज का खाना खा कर बोर हो जाओ या कभी कुछ बनाने का मन ना हो, तो प्रेशर कुकर में झटपट मसाला भात बनाना एक परफेक्ट ऑप्शन है। शेफ यमन अग्रवाल ने एक क्विक रेसिपी शेयर की है, जो आप ट्राई कर सकती हैं।

रोज का खाना खा कर बोर हो जाओ या कभी कुछ बनाने का मन ना हो, तो प्रेशर कुकर में झटपट मसाला भात बनाना एक परफेक्ट ऑप्शन नजर आता है। ये मसालेदार डिश जितनी जल्दी बन जाती है, उतनी ही टेस्टी भी लगती है। ढेर सारी सब्जियां डालकर विंटर में ये किसी कंफर्ट फूड से कम बिल्कुल नहीं लगने वाले। शेफ यमन अग्रवाल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक क्विक रेसिपी शेयर की है, जो आप ट्राई कर सकती हैं। यकीन मानिए बच्चों को भी ये खूब पसंद आती है। घर का बना कुछ हेल्दी लेकिन टेस्टी सा खाना है, तो जरूर इसे एक बार ट्राई करें। आइए फुल रेसिपी जान लेते हैं।
मसाला भात बनाने के लिए सामग्री
मसाला भात बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- तेल, देसी घी, जीरा, राई के दाने, कटी हुई प्याज ( लगभग 1 कप), 10-12 पुदीना के पत्ते, 5-6 करी पत्ते, अदरक लहसुन का पेस्ट (1 चम्मच), हरी मिर्च का पेस्ट (1 चम्मच), नमक, 1 टमाटर (कटा हुआ), डेढ़ कप सब्जियां (जैसे- फूल गोभी, बींस, गाजर, आलू), देगी मिर्च पाउडर, किचन किंग मसाला, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, आधा चम्मच चाट मसाला, चावल (1 कप, भिगोए हुए), पानी।
प्रेशर कुकर में बना लें मसाला भात
मसाला भात बनाने के लिए सबसे पहले प्रेशर कुकर गर्म होने दें, फिर इसमें 1 चम्मच और थोड़ा सा ज्यादा देसी घी डालें। तड़के के लिए जीरा, और राई के दाने चटका लें, फिर कटी हुई प्याज, पुदीना के पत्ते, करी पत्ते, हरी मिर्च का पेस्ट और लहसुन अदरक का पेस्ट मिलाएं। कच्चापन निकलने तक सभी चीजों को लगभग 2 मिनट के लिए भून लें। अब इसमें नमक, कटा हुआ टमाटर और अपनी मनपसंद सब्जियां एड करें। आप जितने चावल ले रही हैं, उससे ज्यादा सब्जियां लें। उदाहरण के लिए अगर आप एक कप चावल बना रही हैं, तो डेढ़ कप सब्जियां लें। इसमें आप गोभी, आलू, बींस, गाजर ले सकती हैं।
इसके बाद सब्जियों में देगी मिर्च पाउडर, आधा चम्मच किचन किंग मसाला, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और हल्का सा चाट मसाला एड करें। सभी को अच्छी तरह मिक्स करें, फिर इनमें चावल मिलाएं। चावल पहले से 20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। अब जितने चावल लिए हैं, उससे बस हल्का थोड़ा ज्यादा पानी एड करें। ज्यादा पानी डालने से सब्जियां गल सकती हैं। कुकर का ढक्कन बंद करें और मीडियम फ्लेम पर 2 सीटियां आने तक पका लें। इसके बाद फ्लेम को लो कर के 1 मिनट के लिए और पकाएं। मसाला भात बनकर तैयार हैं। गार्निशिंग के लिए कटा हुआ हरा धनिया और देसी घी इस्तेमाल करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन