पिनव्हील समोसा रेसिपी: समोसे का कुरकुरा और यूनिक ट्विस्ट
अगर आप रोज-रोज के समोसे से बोर हो चुके हैं, तो पिनव्हील समोसा जरूर ट्राई करें। ये दिखने में यूनिक, खाने में कुरकुरा और पार्टी या चाय के समय के लिए एकदम परफेक्ट स्नैक है।

अगर आप पारंपरिक समोसे से कुछ अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो पिनव्हील समोसा एक बेहतरीन विकल्प है। यह देखने में जितना खूबसूरत होता है, खाने में उतना ही कुरकुरा और स्वादिष्ट भी। खास बात यह है कि इसे बनाना आसान है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। चाय के साथ, पार्टी स्नैक के रूप में या त्योहारों पर यह समोसा सबका ध्यान खींच लेता है।
जरूरी सामग्री
आटे के लिए: 2 कप मैदा, 2 टेबलस्पून तेल, नमक स्वादानुसार, पानी (गूंथने के लिए)
भरावन के लिए: 3 उबले हुए आलू (मैश किए हुए), 1/2 कप उबले मटर, 1 टीस्पून अदरक-हरी मिर्च पेस्ट, 1 टीस्पून जीरा, 1 टीस्पून धनिया पाउडर, 1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, 1/2 टीस्पून गरम मसाला, अमचूर या नींबू का रस, नमक स्वादानुसार, हरा धनिया बारीक कटा, तलने के लिए तेल
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बर्तन में मैदा, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 20 मिनट के लिए रख दें।
- अब भरावन तैयार करें। एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो अदरक-हरी मिर्च पेस्ट डालें। फिर उबले आलू, मटर और सभी सूखे मसाले डालकर अच्छे से भून लें। अंत में हरा धनिया और नींबू का रस मिलाकर गैस बंद कर दें। मिश्रण को ठंडा होने दें।
- अब आटे की बड़ी लोई लेकर पतली बेल लें। इस पर तैयार आलू की स्टफिंग की पतली परत फैलाएं। बेलन की मदद से शीट को रोल करें, जैसे स्विस रोल बनाया जाता है। रोल को हल्का दबाकर सेट करें और फिर 1–1 इंच के टुकड़ों में काट लें।
- एक कढ़ाही में तेल गरम करें। तेल मीडियम आंच पर होना चाहिए। अब कटे हुए पिनव्हील समोसों को धीरे-धीरे तेल में डालें और धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तलने के बाद टिशू पेपर पर निकाल लें।
परोसने का तरीका
गरमा-गरम पिनव्हील समोसे को हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या टमैटो सॉस के साथ परोसें। चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी बनाया जा सकता है।
खास टिप्स
- समोसे कुरकुरे बनाने के लिए आटा सख्त रखें।
- तेज आंच पर तलने से बचें, ऐसा करने से वो बाहर से जल्दी सिके हुए लगते हैं लेकिन अंदर से कच्चे रह जाते हैं।
- स्टफिंग सूखी होनी चाहिए नहीं तो तलते समय फटने का डर रहता है।यह पिनव्हील समोसा रेसिपी आपके स्नैक मेन्यू में एक नया और स्वादिष्ट ट्विस्ट जरूर जोड़ देगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन