मैंने ट्राई किया दूध उबालने का ये वायरल तरीका, लेकिन नुकसान होते-होते बचा
दूध उबालते समय गिरना आम समस्या है। सोशल मीडिया पर वायरल लकड़ी की कलछी वाला हैक मैंने खुद ट्राई किया, लेकिन इसका रिजल्ट वैसा नहीं रहा जैसा दावा किया जाता है।

रसोई में दूध उबालना जितना आसान लगता है, उतना ही जोखिम भरा भी हो सकता है। जरा-सी नजर हटी नहीं कि दूध उबलकर बाहर गिर जाता है। इससे ना सिर्फ दूध का नुकसान होता है, बल्कि गैस स्टोव और फर्श की सफाई भी बढ़ जाती है। इसी परेशानी से बचने के लिए सोशल मीडिया पर आए दिन नए-नए किचन हैक्स वायरल होते रहते हैं। इन्हीं में से एक हैक है - जिस बर्तन में दूध उबल रहा हो, उसके ऊपर लकड़ी का चमचा या कलछी रख देने से दूध बाहर नहीं गिरेगा।
वायरल किचन हैक
यह हैक इतना वायरल है कि लोग इसे बिना सोचे-समझे अपनाने लगते हैं। मैंने भी यही किया। मैंने सोचा कि चलो इसे खुद ट्राई करके देखा जाए, ताकि पता चले कि यह सच में काम करता है या नहीं।
ट्राई किया लेकिन ये हुआ...
मैंने दूध गैस पर रखा और बर्तन के ऊपर एक लकड़ी की कलछी रख दी। ध्यान रखने के लिए मैं वहीं खड़ी रही, ताकि अगर कुछ गड़बड़ हो तो तुरंत गैस बंद कर सकूं। कुछ देर तक सब ठीक रहा, लेकिन जैसे ही दूध में उबाल तेज हुआ, वह धीरे-धीरे ऊपर आने लगा। कलछी होने के बावजूद दूध बाहर गिरने को तैयार था। अगर मैं वहीं खड़ी ना होती, तो शायद दूध स्टोव पर फैल चुका होता। मैंने तुरंत गैस बंद की और दूध गिरने से बच गया।
ऐसा क्यों हुआ ?
- इस पूरे अनुभव से मुझे यही समझ आया कि लकड़ी की कलछी वाला हैक हर स्थिति में काम नहीं करता। खासकर तब, जब दूध ज्यादा फैटी हो या गैस की आंच तेज हो।
- असल में दूध उबलते समय ऊपर जो मलाई और झाग बनता है, वही दूध को बाहर धकेलता है। लकड़ी की कलछी रखने से कभी-कभी झाग टूट सकता है, लेकिन यह कोई गारंटी नहीं है। इसलिए इसे पूरी तरह भरोसेमंद तरीका कहना सही नहीं होगा।
जरूरी है समझदारी
- इस एक्सपेरिमेंट से मुझे एक और अहम बात समझ आई - सोशल मीडिया पर वायरल हर किचन हैक जरूरी नहीं कि सटीक हो। कई हैक्स सिर्फ खास परिस्थितियों में ही काम करते हैं। अगर आप इन्हें आंख बंद करके अपनाते हैं, तो नुकसान होने की संभावना भी रहती है।
- अगर दूध गिरने से बचाना है, तो सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि गैस धीमी रखें और उबलते समय पास ही रहें। चाहें तो बड़े बर्तन का इस्तेमाल करें या बीच-बीच में दूध चलाते रहें। वायरल हैक्स ट्राई करना गलत नहीं है, लेकिन उन्हें पूरी तरह भरोसा करके छोड़ देना सही नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन