बिस्किट जैसी खस्ता बनेंगी तिल गुड़ बाजरा की टिक्की, सीख लें कैसे लगाना है परफेक्ट आटा!
Winter Recipes: बाजरा के आटे में गुड़ और तिल मिलाकर बनाई जाती हैं बहुत ही कुरकुरी और स्वादिष्ट मठरी, जिन्हें बाजरे और तिल की टिक्की भी कहा जाता है। चलिए आज सर्दियों की स्पेशल बाजरा और गुड़ की मठरी बनाना सीख लेते हैं।

सर्दियों के मौसम में ऐसी कई डिशेज बनती हैं, जो खाने में भी टेस्टी लगती हैं और शरीर को भी गर्म रखती हैं। इन दिनों बाजरा भी खूब खाया जाता है। इसकी रोटी, पराठे, खिचड़ी, राब और भी बहुत कुछ बनता है। बाजरे की एक और स्पेशल डिश है, जो बच्चों को खासतौर से बड़ी पसंद आती है। बाजरा के आटे में गुड़ और तिल मिलाकर बनाई जाती हैं बहुत ही कुरकुरी और स्वादिष्ट मठरी, जिन्हें बाजरे और तिल की टिक्की भी कहा जाता है। ये बिल्कुल बिस्किट की तरह लगती हैं इसलिए बच्चों को ये खाने में बड़ा मजा आता है। तो चलिए आज सर्दियों की स्पेशल बाजरा और गुड़ की मठरी बनाना सीख लेते हैं। साथ ही ट्रिक्स भी जानते हैं ताकि मठरी एकदम कुरकुरी बनें।
बाजरे की टिक्की बनाने के लिए सामग्री
बाजरे की कुरकुरी टिक्की या मठरी बनाने के लिए सामग्री तो ज्यादा नहीं चाहिए लेकिन हां आपको सही मात्रा का ध्यान जरूर रखना है। इससे मठरी एकदम खस्ता बनकर तैयार होती हैं। इसके लिए आपको जिन चीजों की जरूरत होगी वो हैं - बाजरे का आटा (2 कप, लगभग 300 ग्राम), गुड़ (आधा कप, लगभग 100 ग्राम), सफेद तिल (आधा कप यानी 60 ग्राम) और तलने के लिए तेल।
ऐसे बनाएं गुड़ और बाजरे की खस्ता मठरी
गुड़ और बाजरे की एकदम खस्ता और कुरकुरी मठरी बनाने के लिए सबसे पहले एक पतीले में गुड़ लें और आधा कप पानी डालें। इसे गैस पर पिघलने के लिए रख दें। गुड़ पानी में अच्छे से घुल जाएगा तो इसकी सिरप बनकर तैयार है, गैस की फ्लेम को बंद कर दें। अब गुड़ वाले पानी को एक बार छान लें, ताकि कोई भी गंदगी हो तो बाहर निकल जाए।
अब एक परात में बाजरे का आटा लें। इसमें गुड़ वाला पानी डालते हुए अच्छी तरह मिक्स करें। साथ में सफेद तिल भी एड करें। चम्मच या हाथ की मदद से आटा अच्छी तरह गूंथ लें। आटा ज्यादा सख्त लगे तो हल्का सा पानी मिला सकती हैं। आपको अच्छी तरह गूंथते हुए एकदम सॉफ्ट आटा लगाना है।
आटा लग जाए तो उसके उसमें से छोटी-छोटी लोइयां बना लें। फिर हाथ से दबाते हुए उसे टिक्की की शेप दें। मठरी आप अपने हिसाब से छोटी या बड़ी बना सकती हैं। अब एक कड़ाही में तेल गर्म कर लें। तेल गर्म हो जाए तो इसमें मठरी तल लें। इन्हें दोनों तरह से गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करना है, बहुत ही टेस्टी बाजरा की टिक्की बनकर तैयार होती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन