भंडारे वाली कद्दू की सब्जी पसंद है? सीखें बिना लहसुन-प्याज वाली हलवाइयों की रेसिपी! Bhandare wali khatti meethi kaddu ki sabzi Halwai style recipe with Tips and Tricks, रेसिपी - Hindustan
More

भंडारे वाली कद्दू की सब्जी पसंद है? सीखें बिना लहसुन-प्याज वाली हलवाइयों की रेसिपी!

भंडारे वाली कद्दू की सब्जी और गरम-गरम पूड़ी का अलग ही मजा है। घर वाली सब्जी तो मसाले डालकर भी इतनी टेस्टी नहीं बन पाती, जितनी ये बिना लहसुन-प्याज वाली सब्जी लगती है। तो चलिए आज जानते हैं कि हलवाई ये खट्टी-मीठी सब्जी बनाते कैसे हैं।

Fri, 30 Jan 2026 10:42 AMAnmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तान
share
भंडारे वाली कद्दू की सब्जी पसंद है? सीखें बिना लहसुन-प्याज वाली हलवाइयों की रेसिपी!

कितने भी महंगे ढाबे या रेस्टोरेंट का खाना खा लो, पर जो बात भंडारे वाले खाने में है वो किसी में नहीं। भंडारे की आलू-पूड़ी हो या खट्टी-मीठी कद्दू की सब्जी। बिना लहसुन-प्याज और ज्यादा मसालों के ये इतनी टेस्टी बनती हैं कि बार-बार खाने का मन करता है। खासतौर से भंडारे वाली कद्दू की सब्जी और साथ में गरम-गरम पूड़ी का अलग ही मजा है। घर वाली कद्दू की सब्जी तो मसाले डालकर भी इतनी टेस्टी नहीं बन पाती, जितनी ये बिना लहसुन-प्याज और मसाले वाली सब्जी लगती है। तो चलिए आज जानते हैं कि हलवाई ये खट्टी-मीठी सब्जी बनाते कैसे हैं। कुछ टिप्स जान लेंगी तो घर पर ही पूड़ी के साथ भंडारे वाली सब्जी एंजॉय कर पाएंगी। चलिए फटाफट रेसिपी जान लेते हैं।

भंडारे वाली कद्दू की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

भंडारे वाली खट्टी मीठी कद्दू की सब्जी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- कद्दू (800 ग्राम), सरसों का तेल (3 बड़े चम्मच), 2 चम्मच पंचफोरन मसाले (राई, जीरा, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी को बराबर मात्रा में मिलाकर तैयार किया जाता है), साबुत धनिया (1 चम्मच), तेज पत्ता (2), सूखी लाल मिर्च (2), हींग, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक, चिली फ्लेक्स (कुटी हुई लाल मिर्च), धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, काला नमक (1 चम्मच), गुड़ का पाउडर (1 चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला, धनिया पत्ता, कसूरी मेथी, हरी मिर्च।

ऐसे बनाएं हलवाइयों जैसी कद्दू की सब्जी

हलवाइयों जैसी सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले कद्दू को छिलके सहित काट लें। अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें, इसमें पंचफोरन मसाले, साबुत धनिया के बीज, तेज पत्ता, सूखी लाल मिर्च, चुटकी भर हींग और कुटा हुआ अदरक हरी मिर्च का पेस्ट डालकर तड़का लें। इसके बाद कटा हुआ कद्दू मिलाएं और लगभग 5 मिनट के लिए फ्राई कर लें। इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक मिलाकर दोबारा लगभग 5 मिनट के लिए भून लें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ना दही ना ईनो, ये 1 चीज डालकर लगाएं भटूरे का आटा, 10 मिनट में फूले-फूले बनेंगे!
ये भी पढ़ें:सब्जी बनाने का मन ना करे तो फटाफट बना लें चटपटी सी टमाटर-लहसुन की चटनी

कद्दू में सौंधी-सौंधी खुशबू आने लगे तो इसमें चिली फ्लेक्स (मोटी कुटी लाल मिर्च), धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और काला नमक मिलाएं। अच्छे से मिक्स करें फिर एक कप गर्म पानी एड करें। धीमी आंच पर 3-4 मिनट पका लें। अब खट्टे-मीठे फ्लेवर के लिए अमचूर पाउडर, गुड़ का पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी मिक्स करें। ऊपर से कटा हुआ हरा धनिया और चीरा लगा हुई हरी मिर्च डालकर गार्निश करें। एकदम भंडारे जैसी खट्टी मीठी और चटपटी सी कद्दू की सब्जी बनकर तैयार है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।