गैस या ठंड समझकर हार्ट अटैक के ये 5 लक्षण नजरअंदाज ना करें, डॉक्टर बोले–बच सकती है जान!
डॉ अमनदीप अग्रवाल बताते हैं कि हार्ट अटैक अचानक नहीं आता, बल्कि इसके कई संकेत पहले से ही दिखने शुरू हो जाते हैं। ये लक्षण कई बार इतने आम होते हैं कि लोगों को ये हल्की सर्दी या गैस सी जुड़ी समस्या लगती है।

हार्ट अटैक की समस्या आजकल काफी कॉमन होती जा रही है। खासतौर से सर्दियों में तो इसका रिस्क और भी ज्यादा बढ़ जाता है। अगर आपको पहले से ही कोई हार्ट डिजीज है, तब तो सावधानी बरतने की जरूरत और भी ज्यादा है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ अमनदीप अग्रवाल बताते हैं कि हार्ट अटैक अचानक नहीं आता, बल्कि इसके कई संकेत पहले से ही दिखने शुरू हो जाते हैं। लेकिन चूक तब होती है, जब लोग इन्हें नॉर्मल समझकर इग्नोर कर देते हैं। दरअसल ये लक्षण कई बार इतने आम होते हैं कि लोगों को ये हल्की सर्दी या गैस सी जुड़ी समस्या लगती है। लेकिन फिर बाद में यही हार्ट अटैक का रूप ले लेती हैं। डॉक्टर ने आगे ऐसे ही कुछ संकेतों के बारे में बताया है, जिन्हें भूलकर भी इग्नोर नहीं करना चाहिए।
सुबह उठते ही भारीपन या घुटन महसूस होना
डॉ अमनदीप बताते हैं कि अगर आपको सर्दियों में सुबह उठते ही भारीपन या घुटन सी महसूस होती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार लोग इसे रजाई से निकलने की परेशानी या गैस समझकर इग्नोर कर देते हैं, लेकिन असल में ये दिल तक खून पहुंचने में रुकावट का संकेत हो सकता है। खासतौर से अगर ये दर्द ज्यादा देर तक बना रहे, सांस लेने में तकलीफ हो और सीने के साथ साथ गर्दन जबड़े और बाएं हाथ तक दर्द महसूस होने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
थोड़ा चलने पर ही सांस फूल जाना
ये ऐसा संकेत है जिसे आमतौर पर लोग उम्र, कमजोरी या मोटापा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन डॉक्टर के मुताबिक ये हार्ट से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। दरअसल जब हार्ट शरीर में सही मात्रा में ऑक्सीजनेटेड ब्लड नहीं पंप कर पाता है, तब थोड़ी सी मेहनत में ही सांस फूलने लगती है। सर्दियों में ये समस्या और भी बढ़ जाती है क्योंकि हार्ट पर ज्यादा दवाब पड़ता है। ऐसे में इसे समस्या थकान मानकर नजरअंदाज करने के बजाय एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
बाएं कंधे, कमर और जबड़े में दर्द होना
अगर अचानक बिना किसी वजह के आपके बाएं कंधे, कमर और जबड़े में दर्द हो रहा है, तो इसे मामूली मांसपेशियों का खिंचाव मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हार्ट से जुड़ा दर्द सिर्फ सीने तक ही सीमित नहीं रहता है बल्कि नसों के जरिए शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक भी पहुंचता है। गौर करने वाली बात ये है कि जरूरी नहीं कि ये दर्द हमेशा तेज ही हो, बल्कि कई बार हल्की जकड़न या खिंचाव के रूप में सामने आ सकता है।
बिना वजह पसीना आना
ठंडे मौसम में ही अगर बिना किसी मेहनत के पसीना आ रहा है, तो इसे नॉर्मल समझकर टाल देना सही नहीं है। डॉ अमनदीप के मुताबिक ये हार्ट अटैक का शुरुआती लक्षण भी हो सकता है। खासकर जब पसीना ठंडा हो, शरीर चिपचिपा लगे और साथ ही घबराहट भी महसूस हो। ऐसे लक्षण दिखते ही खुद दवा लेने के बजाए डॉक्टर की सलाह लेना सबसे समझदारी वाला कदम होता है।
थकान जो आराम से भी ना जाए
डॉ अमनदीप कहते हैं कि अगर प्रॉपर रेस्ट और नींद लेने के बाद भी शरीर में लगातार थकान बनी हुई है, तो इसे साधारण समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार हार्ट ठीक से ब्लड पंप नहीं कर पाता, जिसकी वजह से शरीर के अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसका सीधा असर शरीर की एनर्जी पर पड़ता है और बिना कुछ किए ही थकान महसूस होती है, जो आराम करने से भी नहीं जाती।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन