Headache Alert: धूप से आने के बाद सिरदर्द क्यों होता है? जानें कारण और बचाव के आसान उपाय
गर्मी की चिलचिलाती धूप से घर आओ तो अक्सर सिरदर्द की समस्या बनी रहती है। जब ये ज्यादा बढ़ जाता है, तो लोग दवाई खा लेते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि आखिर सिरदर्द क्यों होता है और इससे बचाव कैसे करे?

सिरदर्द वैसे तो बिल्कुल आम समस्या है लेकिन ये गर्मियों में ज्यादा बढ़ जाती है। धूप में बाहर जाने या कहीं से लौटने पर तेज सिरदर्द होने लगता है, ऐसे में अक्सर लोग सिरदर्द की दवाई खा लेते हैं। कभी-कभार तो ठीक है लेकिन रोजाना दवाई खाना सेहत के लिए नुकसानदायक है और ऐसे में आपको सिरदर्द और दवाई दोनों की आदत भी बन सकती है। अगर आप भी सिरदर्द से परेशान हो चुके हैं, तो उससे बचाव के कुछ तरीके अपना सकते हैं। चलिए जानते हैं आखिर गर्मी के मौसम में सिरदर्द की समस्या क्यों बढ़ जाती है और इससे कैसे बचें।
क्यों होता है सिरदर्द?
न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर विशाल जैन का कहना है कि जब शरीर का तापमान नॉर्मल से ज्यादा हो जाता है, तो इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है। उमस और गर्मी में ब्रेन तरल पदार्थों के प्रति ज्यादा सेंसिटिव हो जाता है। इस वजह से सिरदर्द हल्के दबाव जैसा महसूस होता है, कभी-कभी दर्द सिर के दोनों तरफ या पीछे की ओर ज्यादा महसूस होता है। इससे ऐसे लगता है जैसे सिर फट रहा हो। कई बार ये हार्मोनल इम्बैलेंस के कारण भी होता है।
बचाव के 5 खास तरीके
अगर आप भी गर्मी में सिरदर्द की समस्या से परेशान हो चुके हैं, तो कुछ तरीके हैं जिनसे बचा जा सकता है। सिरदर्द कोई गंभीर बीमारी नहीं है, बस ये शरीर के बढ़ते-घटते टेंपरेचर के साथ शुरू होता है। तो चलिए जानते हैं इससे आप कैसे बच सकते हैं।
1- पानी खूब पिएं
गर्मी में अक्सर शरीर में पानी की कमी हो जाती है, इसकी वजह से भी सिरदर्द होने लगता है। जब शरीर पसीने के जरिए पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स खो देता है, ऐसे में दिमाग के टिश्यू सिकुड़ जाते हैं और फिर ये दर्द होने लगता है। इसलिए जरूरी है कि आप खूब पानी पिएं।
2- धूप से बचाव
जब भी बाहर जाएं तो टोपी पहनें, गमछा ओढ़ें, दुपट्टा बांध लें या फिर चश्मा लगाकर ही निकलें। तेज धूप और तेज रोशनी सीधे आंखों पर पड़ने से नसों में तनाव पैदा करती है। इस कारण से भी सिरदर्द होता है और ये माइग्रेन को भी ट्रिगर करती है।
3- रूटीन बनाएं
गर्मी में अक्सर खाने-पीने का रूटीन बिगड़ जाता है लेकिन ऐसा ना होने दें। गर्मी में अपने खाने का रूटीन फिक्स करें और बीच-बीच में कुछ हेल्दी जूस या फल खाते रहें। इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होगी और भूख नहीं लगेगी। भूख से भी सिरदर्द हो सकता है।
4- बर्फ वाली सिकाई
अगर सिरदर्द तेज हो रहा है तो बर्फ को कपड़े में लपेटकर उससे सिकाई करें। सिकाई गर्दन के पीछे, माथे और आइसपैक बैग को सिर पर भी रख सकते हैं। बर्फ की ठंडक से सिरदर्द में आराम मिलेगा।
5- ठंडी-अंधेरी जगह पर रेस्ट
अगर सिरदर्द तेज हो रहा है, तो आप किसी अंधेरी और ठंडी जगह पर आराम करें। इससे भी दर्द कम होगा। कमरे की लाइट बंद कर दें और फिर रेस्ट करें। इससे दिमाग को ठंडक महसूस होगी और दर्द में राहत मिलेगी।
डॉक्टर से कब मिलें
अगर आपको हर दिन सिरदर्द की समस्या बनी हुई है और रोजाना बिना दवा खाए आराम नहीं आ रहा है, तो फौरन डॉक्टर से मिलें। रोजाना सिरदर्द की दवाई खाना नुकसानदायक होता है और ये माइग्रेन भी हो सकता है, जो गर्मियों में ट्रिगर हो जाता है।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन