कोलेस्ट्रॉल कम करना है तो रोज कितनी देर वॉक करें? टहलना नहीं..डॉक्टर से जानें सही तरीका!
डॉ अर्पित सैनी बताते हैं कि नियमित रूप से वॉक करना कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने का एक आसान और इफेक्टिव तरीका है। लेकिन सिर्फ टहल लेना ही काफी नहीं है, बल्कि सही तरीके से और सही समय तक वॉक करना जरूरी है।

आजकल का खानपान और ओवरऑल लाइफस्टाइल ही कुछ ऐसा हो गया है कि हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या कॉमन होती जा रही है। यही बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे दिल की बीमारियों, ब्लॉकेज और यहां तक कि हार्ट अटैक की वजह बनता है। इसलिए दवाइयों के साथ-साथ अपनी जीवनशैली में बदलाव करना भी बेहद जरूरी है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ अर्पित सैनी बताते हैं कि नियमित रूप से वॉक करना कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने का एक आसान और इफेक्टिव तरीका है। लेकिन सिर्फ टहल लेना ही काफी नहीं है, बल्कि सही तरीके से और सही समय तक वॉक करना जरूरी है। उन्होंने इस विषय में विस्तार से बताया है, आइए जानते हैं।
कोलेस्ट्रॉल कम करने में कैसे मदद करती है वॉक?
डॉ अर्पित सैनी बताते हैं कि अगर आप नियमित रूप से वॉक करते हैं, तो कोलेस्ट्रॉल लेवल को नॉर्मल करने में वाकई हेल्प मिलती है। वॉक करने से शरीर में मौजूद बैड कोलेस्ट्रॉल यानी LDL कम होने लगता है, वहीं गुड कोलेस्ट्रॉल यानी HDL की मात्रा बढ़ने लगती है। नियमित रूप से टहलने पर ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है, फैट धीरे-धीरे कम होने लगता है। वेट मैनेजमेंट में भी मदद मिलती है, जो कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में अहम भूमिका निभाता है।
कितनी देर वॉक करना है फायदेमंद?
डॉक्टर कहते हैं कि कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने के लिए रोजाना 30-45 मिनट तक कि वॉक जरूर करें। आपको केवल टहलना नहीं है, बल्कि थोड़ी तेज गति में वॉक करना है। अपनी स्पीड कम से कम इतनी तेज रखें कि आपकी हार्ट बीट बढ़े और सांस फूलने लगे। ऐसा करने से शरीर ज्यादा कैलोरी भी बर्न करता है। हालांकि अगर आप शुरुआत कर रहे हैं तो 20 मिनट का टारगेट बना सकते हैं और गति को थोड़ा कम रख सकते हैं।
खाने के बाद वॉक करना है सबसे फायदेमंद
डॉ अर्पित कहते हैं कि सबसे अच्छा रहता है जब आप खाने के बाद वॉक करते हैं। आपको ज्यादा देर नहीं सिर्फ 10-15 मिनट की वॉक करनी होती है। इससे आपके LDL यानी बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल 10-15 परसेंट तक कम आते हैं। साथ ही ट्राइग्लिसराइड लेवल भी काफी हद तक कम हो जाते हैं।
वॉक के साथ-साथ डाइट पर ध्यान देना जरूरी है
आखिर में डॉक्टर सलाह देते हैं कि आपको सिर्फ वॉक पर ही निर्भर नहीं होना है, बल्कि अपनी डाइट में भी बदलाव करना है। अपनी डाइट में कार्ब्स की मात्रा कम करें, प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं, फैट नॉर्मल रखें, ओमेगा थ्री फैटी एसिड शामिल करें और पानी अच्छी मात्रा में पीएं। इसके अलावा स्ट्रेस फ्री रहें और रोजाना 7-8 घंटे की गहरी नींद जरूर लें। जब आप वॉक के साथ-साथ अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में ये छोटे-छोटे बदलाव करेंगे तो वेट लॉस में हेल्प मिलेगी, जिससे आपकी लिपिड प्रोफाइल काफी हद तक इंप्रूव होनी शुरू हो जाएगी।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन