डॉक्टर बोलीं- इन 5 सब्जियों के छिलकों में होता है ज्यादा पोषण, छीलकर तो नहीं खा रहे आप?
डॉ शालिनी बताती हैं कि कुदरत ने ज्यादातर फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स सब्जियों के छिलकों में दिए हैं, जिन्हें हम पकाते वक्त उतार देते हैं। उन्होंने 5 ऐसी सब्जियों की लिस्ट बताई है, जिनमें सब्जी से ज्यादा पोषण मौजूद होते हैं।

आप क्या खा रहे हैं, उतना ही जरूरी ये जानना है कि कैसे खा रहे हैं। कई बार कुकिंग के गलत तरीके से ही खाने का पोषण कम हो जाता है। उदाहरण के लिए हम अक्सर सब्जियों का छिलका उतारकर पकाते हैं। हमें लगता है कि ऐसे पकाने से सब्जियां ज्यादा साफ और स्वादिष्ट बनती हैं। लेकिन सच ये है कि ऐसा करने से सब्जियों का पोषण काफी कम हो जाता है। डॉ शालिनी सिंह सालुंके एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि कुदरत ने ज्यादातर फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स सब्जियों के छिलकों में दिए हैं, जिन्हें हम पकाते वक्त उतार देते हैं। उन्होंने 5 ऐसी सब्जियों की लिस्ट बताई है, जिनमें सब्जी से ज्यादा पोषण मौजूद होते हैं। आइए जानते हैं।
आलू के छिलकों में हैं फाइबर
ज्यादातर लोग आलू को सब्जी में डालने से पहले उसके छिलके रिमूव कर देते हैं, जो बिल्कुल भी सही नहीं है। डॉक्टर कहती हैं कि आलू की स्किन में फाइबर, पोटैशियम और विटामिन बी 6 काफी ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं, जो आपकी गट हेल्थ और बीपी को मैनेज करने में काफी फायदेमंद होते हैं। अगर आलू को अच्छे से धो कर के बनाया जाए, तो छिलके के साथ इसे खाने से शरीर को ज्यादा फाइबर मिलता है, जिससे पेट भी लंबे समय तक भरा हुआ रहता है।
खीरे के छिलके भी नहीं रिमूव करने चाहिए
डॉ शालिनी के मुताबिक खीरे को भी हमेशा छिलके सहित ही खाना चाहिए। इसके छिलके में विटामिन के और फाइबर अच्छी खासी मात्रा में पाए जाते हैं, जो हाइड्रेशन और हार्ट हेल्थ के लिए बेहद जरूरी होते हैं। इतना ही नहीं इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भी मौजूद होते हैं, जो इम्यूनिटी और ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद होते हैं।
बैंगन का छिलका ना हटाएं
कुछ लोग बैंगन के छिलके भी निकालकर पकाते हैं, जो डॉक्टर के मुताबिक सही नहीं है। डॉ शालिनी कहती हैं कि इसके बैंगनी रंग के छिलके में 'नैसुनिन' नाम का एक बहुत ही पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट्स पाया जाता है ब्रेन सेल्स और ब्लड वेसल्स को सुरक्षा देता है। इतना ही नहीं ये कैंसर के रिस्क को भी कम करने में मदद करता है। इसलिए बैंगन का भर्ता बनाने की जगह बैंगन की सब्जी बनाकर खाएं।
शकरकंद के छिलकों में है पोषण
शकरकंद के छिलके में एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन और इन्सॉल्यूबल फाइबर पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं, छिलकों में मौजूद फाइबर ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में भी मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने और इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में भी मदद करते हैं।
गाजर के छिलके हटाकर ना खाएं
डॉ शालिनी कहती हैं कि गाजर के छिलकों में बहुत ज्यादा मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और बीटा कैरोटिन पाया जाता है। ये इन्फ्लेमेशन को कम करने में मदद करते हैं और आंखों की हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद होते हैं।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन