खाने के बाद पेट फूलता है, गैस-एसिडिटी बनती है? सिर्फ 5 मिनट ऐसे बैठ जाएं, न्यूट्रीशनिस्ट बता रहीं फायदे!
न्यूट्रीशनिस्ट लीमा महाजन एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि आप डिनर के बाद सिर्फ 5 मिनट के लिए वज्रासन कर लें, तो गैस-एसिडिटी, ब्लोटिंग और अपच समस्याओं में काफी फायदा हो सकता है।

अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि रात के खाने के बाद उनके पेट में गैस बनने लगती है, एसिडिटी की समस्या हो जाती है या पेट फूलने लगता है। इसके पीछे सबसे कॉमन वजह है कि लोग खाने के बाद या तो बैठकर फोन चलाते रहते हैं या लेट जाते हैं। यहीं पाचन से जुड़ी ज्यादातर समस्याएं शुरू होती हैं। खाने के बाद तुरंत वॉक करना भी बहुत से लोगों को पसंद नहीं होता। ऐसे में क्या किया जाए कि गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं ना हों? न्यूट्रीशनिस्ट लीमा महाजन एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि आप डिनर के बाद सिर्फ 5 मिनट के लिए वज्रासन कर लें, तो इन समस्याओं में काफी फायदा हो सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं।
खाने के बाद 5 मिनट वज्रासन करने से क्या होगा?
न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि अगर आप रात के खाने के बाद सिर्फ 5 मिनट के लिए वज्रासन करते हैं, तो आपको पहले ही दिन से गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग में फायदा मिलता है। ये खाने को बेहतर तरीके से पचाने में मदद करता है। इससे गट मूवमेंट रेगुलर होता है, साथ ही आप जो भी खाते हैं वो ज्यादा भारी नहीं लगता। लीमा कहती हैं कि ये आसन न्यूट्रिएंट एब्जॉरपशन को भी एन्हांस करता है।
कैसे काम करता है ये आसन (पीछे की साइंस समझें)
न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि जब आप वज्रासन करते हैं तो आपके पेट के आसपास वाले हिस्से पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे पेट, आंत और पैनक्रियाज में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। इसमें आपकी बॉडी सीधी रहती है, जिस वजह से एसिड ऊपर की तरफ मूव नहीं करता और एसिडिटी की समस्या नहीं होती। ये फंसी हुई गैस को रिलीज करने में भी मदद करता है, जिस वजह से पेट फूलता नहीं।
खाने के बाद वज्रासन करने से आपकी बॉडी 'रेस्ट' और 'डाइजेस्ट' मोड में चली जाती है, जिससे पाचन बेहतर होता है। खाने के बाद भारीपन और नींद जैसा भी महसूस नहीं होता। साथ ही अगर आप अपना ओवरऑल लाइफस्टाइल जैसे खानपान बेहतर रखते हैं, तो वज्रासन पोस्ट मील शुगर रिस्पॉन्स को भी बेहतर बनाने में मदद करता है।
वज्रासन करने का सही तरीका क्या है?
लीमा बताती हैं कि वज्रासन करने के लिए सबसे पहले अपनी एड़ियों के सहारे बैठ जाएं। इस दौरान अपनी स्पाइन यानी रीढ़ की हड्डी एकदम सीधी रखें और बिल्कुल रिलेक्स रहें। सांस नॉर्मल लेते रहें और सिर्फ 5 मिनट इस आसन को करें। ध्यान रहे इस दौरान आपको फोन नहीं चलाना है और ना ही हल्का सा भी मुड़ना या झुकना है।
किन लोगों को नहीं करना चाहिए?
न्यूट्रीशनिस्ट के मुताबिक ये आसान उन लोगों को बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए जिसके घुटनों में दर्द रहता है या हाल-फिलहाल में ही कोई घुटनों से जुड़ी सर्जरी हुई है। बाकी सभी लोग इसे ट्राई कर सकते हैं। हालांकि ध्यान रखें ये कोई दवाई या इलाज नहीं है, सिर्फ आपके पाचन को सपोर्ट करने के लिए छोटी सी आदत है। अगर आप रेगुलर इसे करते हैं, तभी कोई फायदा देखने को मिल सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन