घर के खाने में यहां बताए तरीके से बढ़ाएं प्रोटीन की मात्रा, बिना किसी फैंसी डायट के रहेंगे फिट
प्रोटीन हमारे शरीर की मांसपेशियों को बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि शरीर के हर हिस्से के सुचारू रूप से काम करने के लिए जरूरी है। यहां जानिए रोजाना घर के खाने में प्रोटीन की मात्रा कैसे बढ़ाएं

अगर बॉडी अंदर से सही रहेगी तो आप खुद को कई बीमारियों से दूर पाएंगे। शरीर को अंदर से सही रखने के लिए सही खानपान जरूरी है। दरअसल, हमारा शरीर लगातार पुरानी कोशिकाओं को बदलता रहता है और नई कोशिकाएं बनाता है। ऐसे में ऊतकों की मरम्मत और विकास के लिए प्रोटीन सबसे जरूरी पोषक तत्व माना जाता है। चोट लगने पर घाव भरने में भी यह जरूरी होता है। मांसपेशियों के निर्माण और उन्हें बनाए रखने के लिए भी प्रोटीन की जरूरत होती है। अगर आप एक्टिव हैं या एक्सरसाइज करते हैं, तो मांसपेशियों के टूटने-फूटने को ठीक करने के लिए प्रोटीन जरूरी है। ज्यादातर लोग प्रोटीन की मात्रा पूरी करने के लिए डिब्बे वाले प्रोटीन को खाते हैं। जबकि एक्सपर्ट घर में मौजूद चीजों से ही घर के खाने में प्रोटीन मात्रा बढ़ाने की सलाह देते हैं। इंस्टाग्राम पर डायटीशियन अल्का फूटेला ने घर के खाने में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने का तरीका बताया है। जानिए-
1) रोटी को करें अपग्रेड
रोजाना के खाने में ज्यादातर लोग प्लेन गेहूं के आटे की रोटी खाते हैं। लेकिन प्रोटीन की मात्रा रोजाना के खाने में बढ़ाने के लिए आटे में बेसन या फिर सोया का आटा मिलाएं। ये दोनों चीजें प्रोटीन की मात्रा को आसानी से बूस्ट कर सकती हैं।
2) दाल को कैसे बनाएं प्रोटीन रिच
दाल में वैसे को प्रोटीन होता है, लेकिन आप कुछ चीजों को इसमें मिलाकर प्रोटीन की मात्रा को बढ़ा सकते हैं। कोशिश करें कि आप दाल में पनीर के क्यूब्स या स्प्राउट्स मिलाकर खाएं।
3) ब्रेकफास्ट में प्रोटीन
ब्रेकफास्ट में सिर्फ पोहा या उपमा खाने की जगह पनीर, मूंगफली और दही को खाने में शामिल करें। ब्रेकफास्ट में इन चीजों को शामिल करने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है।
4) स्नैक्स में क्या खाएं
स्नैक्स में सिर्फ चाय बिस्कुट खाने से अच्छा है कि आप रोस्टेड चना, स्प्राउड्स चाट और मूंगफली खाएं। ये सभी चीजें क्रेविंग्स को शांत करती हैं।
5) सब्जियों का करें सही चुनाव
सिर्फ सब्जियों को खाने की जगह इसमें पनीर, टोफू या फिर सोया चंक्स मिलाकर खाएं। इस तरह से सब्जियों को खाने पर वह एक सम्पूर्ण मील बन जाती हैं।
6) दही को बनाएं अपना साथी
लंच और डिनर के अलावा दही को डिप के तौर पर भी डायट में शामिल करें। ये आसानी से रोजाना खाया जाने वाला प्रोटीन है। इसे खाकर गट हेल्थ भी अच्छी रहती है।
7) डिनर में क्या खाएं
डिनर में पनीर या फिर टोफू को शामिल करें। आप रात के समय दाल और सब्जियों को खा सकते हैं या फिर खिचड़ी में घी डालकर खा सकते हैं। ये रिकवरी में मदद करता है और फैट लॉस के लिए भी बेहतरीन है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन