दादी-नानी के पिटारे से: मुंह के दर्द वाले छालों से हैं परेशान, तो ट्राई करें दादी के बताए ये 3 घरेलू नुस्खे
पहले के जमाने में दादी-नानी दवाइयों से ज्यादा घरेलू तरीकों पर विश्वास करती थी और यही कारण था कि वह लोग स्वस्थ रहते थे। मुंह में अक्सर लोगों को लाल-दर्दभरे छाले हो जाते हैं, जिससे खाना-पीना मुश्किल हो जाता है। अगर आप भी इन छालों से परेशान रहते हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खों को अपनाएं।

मुंह में कई बार छोटे-छोटे सफेद या लाल रंग के छाले हो जाते हैं, जो काफी दर्दनाक होते हैं। इनकी वजह से खाना-पीना, खासतौर पर तीखा या गरम भोजन, बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार ये छाले जीभ और गले तक फैल जाते हैं, जिससे पानी पीना भी तकलीफदेह लगने लगता है।
आजकल छालों के लिए कई तरह की दवाइयां और जेल मौजूद हैं, लेकिन हर बार इनका इस्तेमाल जरूरी नहीं होता। अक्सर मुंह के छाले पेट साफ न होने या शरीर की गर्मी बढ़ने के कारण भी हो जाते हैं। अगर आप भी बार-बार मुंह के छालों से परेशान रहते हैं, तो दादी-नानी के बताए कुछ आसान और असरदार घरेलू नुस्खे आपके काम आ सकते हैं। ये नुस्खे न सिर्फ छालों को जल्दी ठीक करने में मदद करेंगे, बल्कि दर्द और जलन से भी राहत दिलाएंगे।
दादी-नानी के बताए 3 असरदार घरेलू नुस्खे-

1- नमक वाला तरीका
पहला तरीका है नमक वाला। इस नुस्खे में आपके गुनगुना पानी लेना है और उसमें नमक को अच्छे से घोलना है। इस नमक पानी से दिन में 4-5 बार गरारा करें और मुंह में कुछ सेकेंड के लिए पानी को रखते हुए कुल्ला करें। ऐसा करने से छालों के दर्द में आराम आएगा और ये जल्दी ठीक हो जाएंगे।
2- मिश्री-इलायची
मिश्री को महीन पाउडर में पीस लेना है और फिर इसमें इलायची के कुट हुए दानों को मिलाना है। कोशिश करें कि दोनों का पेस्ट महीन बनें। इसे हल्का सा गीला करने के लिए गुलाबजल मिक्स कर सकते हैं। इसे रात में खाना खाने के बाद मुंह में लगाएं और दिन में भी दो-तीन बार अप्लाई कर सकते हैं। इससे छालों में आराम आएगा और दर्द में भी।
3- नारियल का तेल
पहले जमाने के लोग कई चीजों के इलाज के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल करते थे। मुंह के छालों के लिए भी इस तेल को आप लगा सकते हैं। इसे मुंह में लगाने से कोई नुकसान नहीं होता और छाले भी ठीक हो जाएंगे। नारियल तेल ठंडा होता है, रात को सोने से पहले रुई या उंगली की मदद से इसे छालों पर लगाएं और सो जाएं। 2 दिन में नारियल तेल से आराम मिलेगा।
खास सलाह- अगर मुंह के छाले बढ़कर गले तक पहुंच गए हैं और आपको खाने-पीने में ज्यादा तकलीफ है, तो फौरन डॉक्टर को दिखाएं। कई बार माउथ इंफेक्शन के कारण भी छाले हो सकते हैं, ये सिर्फ पेट खराब या शरीर की गर्मी की वजह से ही नहीं होते। अगर छाले सफेद हो रहे हैं और उनमें पस दिख रहा है, तो भी इन्हें हल्के में न लें।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन