दादी-नानी के पिटारे से: बंद नाक से राहत के लिए आयुर्वेदिक पोटली का कमाल
बंद नाक और सर्दी से परेशान हैं? दादी-नानी का यह आसान पोटली नुस्खा आपको राहत दे सकता है। कपूर, अजवाइन और लौंग जैसी चीजों से बना यह उपाय सांस लेने में मदद करता है। यहां जानें इसके बारे में सबकुछ-

बंद नाक की समस्या सर्दी, जुकाम, एलर्जी या मौसम बदलने के कारण बहुत आम हो जाती है। जब नाक बंद होती है, तो सांस लेने में परेशानी, सिर भारी लगना और बेचैनी महसूस होना शुरू हो जाता है। ऐसे में लोग तुरंत दवाइयों का सहारा लेते हैं, लेकिन हल्की समस्या में घरेलू उपाय भी काफी असरदार साबित हो सकते हैं।
दादी-नानी के समय में छोटी-छोटी तकलीफों के लिए प्राकृतिक चीजों का ही इस्तेमाल किया जाता था। कपूर, अजवाइन, लौंग और नीलगिरी तेल जैसी चीजें नाक को खोलने और सांस को आसान बनाने में मदद करती हैं। इनसे बनी यह पोटली एक आसान और नेचुरल तरीका है, जिसे दिनभर सूंघने से धीरे-धीरे बंद नाक में राहत मिल सकती है और आप बेहतर महसूस कर सकते हैं।
सामग्री
10–12 टुकड़े कपूर
1–2 चम्मच भुनी हुई अजवाइन
4–5 लौंग
6–7 मेंथॉल के टुकड़े
5–6 बूंद नीलगिरी तेल
बनाने की विधि
इन सभी चीजों को एक साफ कपड़े में डालकर छोटी सी पोटली बना लें। इसे अच्छी तरह बांध लें ताकि सामग्री बाहर न निकले।
कैसे करें इस्तेमाल?
इस पोटली को दिनभर बीच-बीच में सूंघते रहें। इसकी खुशबू और भाप नाक को खोलने में मदद करती है और आपको आराम महसूस होता है।
कैसे करता है काम?
- बंद नाक जल्दी खुलती है: इस पोटली में मौजूद कपूर, मेंथॉल और नीलगिरी तेल की तेज खुशबू नाक के बंद रास्तों को खोलने में मदद करती है। इसे सूंघने से नाक के अंदर जमी रुकावट धीरे-धीरे कम होती है, जिससे आपको जल्दी राहत महसूस होती है।
- सांस लेने में आसानी होती है: जब नाक बंद होती है, तो सांस लेना मुश्किल हो जाता है। इस पोटली की भाप और खुशबू नाक के रास्ते को साफ करती है, जिससे हवा आसानी से अंदर-बाहर जा पाती है और आपको आराम मिलता है।
- सिर का भारीपन कम होता है: बंद नाक की वजह से सिर में भारीपन और दबाव महसूस होता है। कपूर और नीलगिरी तेल का असर दिमाग को ठंडक देता है और सिर के दबाव को कम करने में मदद करता है जिससे हल्कापन महसूस होता है।
- सर्दी-जुकाम में राहत मिलती है: अजवाइन और लौंग में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सर्दी-जुकाम के लक्षणों को कम करने में मदद करते हैं। यह पोटली शरीर को आराम देती है और आपको बेहतर महसूस कराती है।
जरूरी डिस्क्लेमर
दादी-नानी का यह पोटली नुस्खा बंद नाक में राहत पाने का एक आसान और नेचुरल तरीका है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह जल्दी आराम देने में मदद कर सकता है। लेकिन पोटली को बहुत करीब से ज्यादा देर तक ना सूंघें, बच्चों से दूर रखें और अगर जलन या एलर्जी हो, तो इस्तेमाल बंद करें। इसके अलावा किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन