चाय-कॉफी के बिना आंख नहीं खुलती? फोर्टिस के डॉक्टर से जानें खाली पेट पीने के नुकसान!
फोर्टिस हॉस्पिटल के गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ शुभम वात्स्य बताते हैं कि हमारे देश में सुबह खाली पेट चाय पीना एक ट्रेंड हैं, जिसे ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे फॉलो करते आ रहे हैं। जबकि ये छोटी सी आदत आपकी सेहत पर काफी भारी पड़ सकती है।

हमारे देश में ज्यादातर लोगों के दिन की शुरूआत चाय या कॉफी के साथ होती है। कई लोगों को तो सुबह उठते ही चाय-कॉफी चाहिए होती है, बिना इसके उनकी नींद ही नहीं खुलती। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि उनका पेट ही तभी साफ होता है, जब वो चाय या कॉफी लेते हैं। ऐसे में अधिकतर लोग सुबह खाली पेट ही चाय या कॉफी ड्रिंक करते हैं। ये आदत बहुत कॉमन है लेकिन काफी नुकसानदायक भी है। फोर्टिस हॉस्पिटल के गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ शुभम वात्स्य एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताते हैं कि हमारे देश में सुबह खाली पेट चाय पीना एक ट्रेंड हैं, जिसे ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे फॉलो करते आ रहे हैं। जबकि ये छोटी सी आदत आपकी सेहत पर काफी भारी पड़ सकती है। आइए विस्तार में जानते हैं।
गट लाइनिंग को इरिटेट करता है
डॉ शुभम बताते हैं कि अगर आप खाली पेट चाय या कॉफी पीते हैं, तो इनमें मौजूद कैफीन और एसिड आपकी गट लाइनिंग को इरिटेट कर सकते हैं। इसके अलावा ज्यादातर लोगों के पेट में एसिडिटी बनने के पीछे भी यही वजह जिम्मेदार है। खाली पेट चाय पीने से अपच, पेट फूलना, गैस बनना जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं। खासतौर से अगर आप पहले से ही गट रिलेटेड इश्यू फेस कर रहे हैं, तब तो आपको ये आदत बिल्कुल छोड़ देनी चाहिए।
आयरन एब्जॉरपशन को कम करता है
डॉ शुभम कहते हैं कि सुबह खाली पेट चाय-कॉफी से शरीर में आयरन का एब्जॉरपशन (अवशोषण) भी कम होता है। भारत में बहुत से लोग से शाकाहारी हैं, ऐसे में उनकी डाइट ने आयरन की कमी वैसे भी होती है। जो थोड़ा बहुत आयरन उन्हें मिलता भी है, वो चाय या कॉफी की वजह से ठीक से एब्जॉर्ब भी नहीं हो पाता है।
और क्या-क्या परेशानियां हो सकती हैं?
सुबह खाली पेट चाय पीने से और भी कई परेशानियां हो सकती हैं। जैसे अगर आपको डायबिटीज है, तो अचानक आपका ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। इसके अलावा चाय-कॉफी में मौजूद कैफीन 'कॉर्टिसोल' लेवल को बढ़ा सकते हैं, जिसके कारण मूड स्विंग्स, घबराहट, हार्ट बीट तेज होना, स्ट्रेस बढ़ना या बेचैनी होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोगों को सुबह खाली पेट चाय लेने से जी मिचलाना या चक्कर आना भी महसूस हो सकता है। साथ ही, चाय में मौजूद टैनिन आपकी ओरल हेल्थ पर भी बुरा असर डाल सकते हैं।
फिर क्या है समाधान?
डॉ शुभम आगे बताते हैं कि अगर आपको सुबह चाय या कॉफी पीने की आदत है, तो इसमें एक छोटा सा बदलाव कर सकते हैं। इन्हें खाली पेट लेने के बजाए पहले थोड़ा बहुत कुछ खा लें, उसके बाद एक कप चाय या कॉफी लें। जब आप कुछ खाने के बाद इन ड्रिंक्स को लेते हैं, तो ये उतना नुकसान नहीं करती हैं। खासतौर से पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या से काफी राहत मिलती है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन