सर्दियों में गर्म पानी से नहाने पर क्या वाकई हड्डियां कमजोर हो जाती हैं? ऑर्थोपेडिक सर्जन ने बताया!
Health Tips: लोगों को अक्सर आपने कहते सुना होगा कि गर्म पानी से नहाने पर हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। सवाल है कि इन बातों में भला कुछ सच्चाई है भी या नहीं। ऑर्थोपेडिक सर्जन ने इसी बारे में बताया है।

सर्दियों में ना नहाने के बहाने ढूंढना बड़ा कॉमन है। आखिर ठंड में भला कौन नहाए, किसी टॉर्चर से कम थोड़ी है ये? ज्यादातर लोग यही सोचकर खुद को तसल्ली दे देते हैं। वहीं जो रेगुलर नहाते भी हैं, वो सर्दियों में ज्यादातर गर्म पानी ही इस्तेमाल करते हैं। अब गर्म पानी से नहाने की बात करें तो इसे ले कर भी कई मिथ बड़े पॉपुलर हैं। जैसे लोगों को अक्सर आपने कहते सुना होगा कि गर्म पानी से नहाने पर हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। कहते हैं कि गर्म पानी हड्डियों के कैल्शियम को पिघला देता है, जिससे वो कमजोर होने लगती हैं। अब सवाल है कि इन बातों में भला कुछ सच्चाई है भी या नहीं। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ पुलक वात्स्य ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसी बारे में बताया है। आइए जानते हैं।
क्या गर्म पानी से नहाने पर हड्डियां कमजोर होती हैं?
ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ पुलक वात्स्य बताते हैं कि इस बात में बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है कि गर्म पानी से नहाने पर हड्डियों का कैल्शियम पिघलने लगता है और वो कमजोर पड़ने लगती हैं। दरअसल आपकी हड्डियों की मजबूती इस बात पर डिपेंड करती है कि आपका विटामिन डी लेवल, कैल्शियम, प्रोटीन इंटेक और एक्टिविटी लेवल कितना है। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि आप ठंडे पानी से नहा रहे हैं या फिर गर्म पानी से।
रोज नहाना है एक अच्छी आदत
डॉ पुलक कहते हैं कि भले ही सर्दियां हों लेकिन रोज नहाना एक अच्छी आदत है, जो आपके हाइजीन लेवल को मेंटेन रखती है। सिर्फ ठंड की वजह से रोज ना नहाना, इसका कोई भी साइंटिफिक लॉजिक नहीं है। हालांकि जिन लोगों को बैलेंस इश्यू होने शुरू हो जाते हैं या गिरने के चांस ज्यादा होते हैं, उन्हें डॉक्टर 2-3 दिन में एक बार नहाने की सलाह देते हैं।
क्या ज्यादा गर्म पानी नुकसानदायक हो सकता है?
हालांकि गर्म पानी से बोन वीक होने वाली बात एक मिथ है, लेकिन सर्दियों में बहुत ज्यादा गर्म पानी से नहाना कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। ज्यादा गर्म पानी स्किन के नेचुरल ऑयल को खत्म कर देता है, जिससे स्किन में ड्राइनेस, खुजली और रैशेज की समस्या हो सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक गर्म पानी से नहाने पर बीपी लो रहने का खतरा भी होता है।
सर्दियों में नहाने का सही तरीका क्या हो?
सर्दियों में नहाते हुए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें। पानी ऐसा रखें, जो ज्यादा तेज गर्म ना हो लेकिन उससे नहाने पर ठंड भी ना लगे। नहाने के तुरंत बाद स्किन को अच्छे से सुखाएं और फिर कोई मॉइश्चराइजर या ऑयल अप्लाई कर लें। ताकि स्किन ज्यादा ड्राई ना हो।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन