शरीर में हीमोग्लोबिन और आयरन की कमी को कैसे करें पूरा? सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने बताया क्या खाएं
शरीर में आयरन और हीमोग्लोबिन की कमी के कारण कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने हाल ही में शेयर किए वीडियो में बताया कि क्या खाने से आयरन की कमी पूरी की जा सकती है।

हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) खून में मौजूद एक प्रोटीन होता है, जो शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। जब इसकी कमी हो जाती है, तो शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है और इसी कारण से आमतौर पर लोग एनीमिया (Anemia) का शिकार हो जाते हैं। भारत में 45 वर्ष से अधिक उम्र की बड़ी संख्या में महिलाएं एनीमिया (खून की कमी) से जूझ रही हैं। यह समस्या सिर्फ उम्र तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी कई महिलाओं में हीमोग्लोबिन का लेवल गिर जाता है। जब शरीर में पर्याप्त खून नहीं होता, तो मां और बच्चे दोनों को जरूरी ऑक्सीजन और पोषण नहीं मिल पाता है। यही कारण है कि डिलीवरी के समय कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने हाल ही में वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बता रही हैं कि रोजाना क्या खाकर शरीर में आप हीमोग्लोबिन और आयरन के लेवल को बढ़ा सकते हैं।
आयरन के लिए क्या-क्या खाना चाहिए-
रुजुता दिवेकर का कहना है कि हीमोग्लोबिन या आयरन की कमी को हेल्दी-पौष्टिक चीजों को खाकर पूरा किया जा सकता है। उनका कहना है कि आप रोजाना कुछ चीजों को डायट में शामिल कर अपने शरीर में खून की कमी को आसानी से पूरा कर सकते हैं। तो चलिए बताते हैं उन्होंने किन चीजों को खाने की सलाह दी है।
- 1 फ्रेश फ्रूट डेली
रुजुता दिवेकर का कहना है कि अभी आम का सीजन आ चुका है, हर दिन 1 आम खाइये। आम में विटामिन सी की मात्रा भरपूर होती है। आम के अलावा अमरूद या पेरू भी खा सकते हैं। जब शरीर को विटामिन सी भरपूर मात्रा में मिलता है, तो इससे आयरन भी बनना शुरू हो जाता है। ऐसे ही हीमोग्लोबिन मेंटेन रहता है।
- दाल और फलियां
न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि अरहर, मूंग, कुलिठ, चना, उड़द, मटकी जैसी दालें अमिनो एसिड से भरपूर होती हैं। इन दालों को खाने से शरीर में आयरन बनने लगेगा और अपने आप हीमोग्लोबिन का लेवल मेंटेन हो जाएगा। इन दालों और फलियों को आपको चावल, रोटी के साथ खाना होगा। सिर्फ दाल या फलियां खाने से सेहत को फायदे नहीं मिलेंगे।
- दही, छाछ
नाश्ते या लंच में दही, छाछ या फिर लस्सी को जरूर शामिल करें। इनमें कई तत्व होते हैं और ये शरीर में B12 को बैलेंस करते हैं। इन्हें खाने से भी शरीर में हीमोग्लोबिन का लेवल सामान्य बना रहेगा।
- चना-गुड़
पहले जमाने के लोग गर्मी के मौसम में चना गुड़ खाया करते थे, जो आयरन का अच्छा सोर्स माना जाता है। चना-गुड़ खाना शुरू करें, इससे आयरन की कमी पूरी होगी और भी कई फायदे मिलेंगे।
- खुबानी (Apricot)
खुबानी फल ज्यादातर लोग बाजार में देखकर भी नहीं लेते हैं लेकिन इसे खाने से भी आयरन की कमी पूरी हो जाती हैं। रुजुता ने कहा कि हर दिन 1 खुबानी जरूर खानी चाहिए।
- हलीम बीज (Aliv) के लड्डू
हलीम बीज (Aliv) को शरीर के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। अगर आप शरीर में हीमोग्लोबिन और आयरन की कमी को पूरा करना चाहते हैं, तो हलीम बीज के लड्डू रोजाना एक जरूर खाएं। ये काफी पौष्टिक होता है और गुड़ के साथ आसानी से बन जाता है।
- लोहे की कढ़ाही या तवा
रुजुता का कहना है कि आयरन की कमी को पूरा करने के लिए अपने यहां बर्तन भी खास भूमिका निभाते हैं। आप सब्जियां लोहे की कढ़ाही में बनाएं, जिससे वह और पौष्टिक हो जाएंगी। लोहे का तवा और कलछी का इस्तेमाल करें।
- क्या नहीं खाना चाहिए
न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि सिगरेट, तंबाकू, शराब पीने से बचें। ज्यादा ब्लैक कॉफी भी आयरन लेवल को कम करती है। अगर आप रोजाना जूस, स्मूदी या ज्यादा सलाद खाते हैं, तो इससे भी आयरन लेवल पर असर पड़ता है।
- क्या-क्या फायदे होते हैं
रुजुता दिवेकर का कहना है कि जब आयरन की कमी पूरी हो जाती है, तो आपके बाल-त्वचा अच्छे रहते हैं, मूड बेहतर होता है, एनर्जी लेवल बढ़ता है, ओवरी के फंक्शन बेहतर होते हैं, थायरॉयड नहीं होता।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन