सावधान ! लौकी के साथ भूलकर भी न खाएं ये 5 चीजें, सेहत के लिए बन सकती हैं 'जहर' !
Bad Food Combinations With Lauki : अगर आप भी लौकी की सब्जी या जूस पीने के शौकीन हैं, तो अच्छी सेहत के लिए आइए जान लेते हैं लौकी के सेहत से जुड़े पूरे फायदे लेने के लिए आपको इसे किन चीजों के साथ भूलकर भी नहीं खाना चाहिए।

आयुर्वेद में सेहत को अच्छा बनाए रखने के लिए खानपान से जुड़े कई जरूरी नियम बताए गए हैं। जिसमें बेस्ट फूड कॉम्बिनेशन से लेकर उन सभी खाने-पीने की हेल्दी चीजों का जिक्र किया गया है, जिनका सेवन एक साथ करने से सेहत खराब हो सकती है। लेकिन कई बार लोग स्वाद के चक्कर में या फिर जानकारी की कमी होने की वजह से इन नियमों की अनदेखी कर देते हैं। जो बाद में उनकी सेहत के लिए कई बड़ी परेशानियां पैदा करने लगती हैं। ऐसा ही एक नियम लौकी की सब्जी को लेकर भी बताया गया है। यूं तो लौकी का सेवन सेहत के लिए वरदान माना जाता है, लेकिन इसी लौकी को अगर किसी गलत चीज के साथ खा लिया जाए तो यह पाचन बिगाड़कर सेहत के फायदा देने की जगह नुकसान पहुंचाने लगती है। अगर आप भी लौकी की सब्जी या जूस पीने के शौकीन हैं, तो अच्छी सेहत के लिए आइए जान लेते हैं लौकी के सेहत से जुड़े पूरे फायदे लेने के लिए आपको इसे किन चीजों के साथ भूलकर भी नहीं खाना चाहिए।
सीके बिरला अस्पताल में क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉक्टर दीपाली शर्मा कहती हैं कि लौकी एक हल्की, ठंडी और आसानी से पचने वाली सब्जी है। इसमें पानी, फाइबर, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो पाचन और दिल की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। लेकिन लौकी के साथ गलत फूड कॉम्बिनेशन करने से यह आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकती है। आइए जानते हैं अच्छी सेहत के लिए लौकी का सेवन करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
1. दूध या दही के साथ लौकी खाना
कई लोग मानते हैं कि लौकी को दूध या दही के साथ नहीं खाना चाहिए। आयुर्वेद में इसे 'विरुद्ध आहार' यानी गलत फूड कॉम्बिनेशन कहा जाता है। इससे कुछ लोगों को गैस, एसिडिटी, पेट फूलना या स्किन रिएक्शन हो सकता है। हालांकि, इससे सफेद दाग हो जाते हैं, इसका कोई पक्का वैज्ञानिक सबूत मौजूद नहीं है।
2. कटहल
लौकी की सब्जी के साथ कटहल का सेवन करना सेहत के लिए काफी रिस्की हो सकता है। कटहल भारी होता है और लौकी हल्की। इन दोनों का कॉम्बिनेशन पेट में इंफेक्शन, सूजन और दाद-खुजली जैसी त्वचा की समस्याओं को जन्म दे सकता है।
3. बहुत ज्यादा तली-भुनी या तीखी चीजों के साथ लौकी खाना
लौकी की तासीर ठंडी और हल्की होती है। अगर इसे बहुत ज्यादा मसालेदार या ऑयली खाने के साथ खाया जाए, तो उसका फायदा कम हो सकता है और पाचन बिगड़ सकता है।
4. अपनी बॉडी के सिग्नल्स को नजरअंदाज करना
हर इंसान की बॉडी अलग होती है। अगर लौकी खाने के बाद बार-बार गैस, एलर्जी या स्किन पर रैशेज हो रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। जरूरत पड़े तो डॉक्टर से सलाह लें।
5. कड़वी लौकी का जूस पीना
अगर लौकी स्वाद में कड़वी लगे, तो उसे तुरंत फेंक दें। कड़वी लौकी में कुकुर्बिटासिन नाम का टॉक्सिन ज्यादा हो सकता है। इससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और गंभीर हालत में अस्पताल तक जाना पड़ सकता है। इसलिए पकाने या जूस बनाने से पहले छोटा टुकड़ा चखना बहुत जरूरी है।
सलाह
लौकी के साथ कुछ खास चीजें खाने से चेहरे पर सफेद दाग (विटिलिगो) हो जाते हैं, इसका कोई सीधा मेडिकल प्रमाण नहीं है। विटिलिगो एक जटिल बीमारी है, जिसके पीछे जेनेटिक और ऑटोइम्यून कारण हो सकते हैं। इसके अलावा लौकी ताजी और सही तरीके से बनी हो तो बिल्कुल सुरक्षित और फायदेमंद है। बस कड़वी लौकी से बचें, संतुलन रखें और शरीर के संकेतों पर ध्यान दें। किसी भी असामान्य लक्षण पर डॉक्टर से सलाह लेना ही समझदारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन