भाग्यश्री की स्ट्रॉन्ग इम्यूनिटी और ग्लोइंग स्किन का राज है चौलाई का साग, एक्ट्रेस ने शेयर की रेसिपी
एक्ट्रेस भाग्यश्री ने वीडियो में बताया कि इम्यूनिटी स्ट्रॉन्ग करने के लिए वह चौलाई का साग खाती हैं। चलिए आपको बताते हैं चौलाई का साग खाने से सेहत पर क्या असर होता है और इसे कैसे बनाएं।

57 साल की उम्र में एक्ट्रेस भाग्यश्री यंग और फिट दिखती हैं। भाग्यश्री अक्सर इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर अपने खान-पान और हेल्दी रहने के टिप्स देती रहती हैं। उनका कहना है कि अगर आपको फिट और यंग रहना है, तो अच्छी और हेल्दी चीजों को ही खाएं। खासतौर पर जो हरी सब्जियां जैसे साग, बीन्स, सहजन, चुकंदर वगैरह। एक्ट्रेस ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने चौलाई (Amaranth) के साग के फायदे गिनाए हैं। चौलाई को कई जगहों पर चंदलिया या चंदेली भी कहा जाता है। एक्ट्रेस इसे चंदलिया बोल रही हैं। उनका कहना है कि अगर आपको इम्यूनिटी मजबूत रखनी है, प्रदूषण से खुद को बचाना है, तो इस साग को खाना शुरू कर दीजिए। उन्होंने इसे बनाने का तरीका भी वीडियो में बताया है, तो आज हम आपको चौलाई का साग खाने के ढेरों फायदे और इसे बनाने का तरीका बताते हैं।

चौलाई के साग में क्या-क्या पाया जाता है?
चौलाई का साग हरे रंग की पत्तेदार सब्जी है, जो बथुआ की तरह दिखती है। गर्मियों के मौसम में ये आने लगती है और लोग इसे रोटी या दाल-चावल के साथ खाना पसंद करते हैं। चौलाई का साग पोषक तत्वों का पावर हाउस कहा जाता है। इसमें शरीर को ताकत देने वाले कई तत्व जैसे आयरन, कैल्शियम, फाइबर, विटामिन ए, सी, के, प्रोटीन और कई एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं। चौलाई का साग खाने से न सिर्फ इम्यूनिटी मजबूत होती है बल्कि शरीर को कई फायदे मिलते हैं।
फायदे क्या हैं-
इम्यूनिटी मजबूत करें- चौलाई का साग विटामिन सी से भरपूर होता है, जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है। जिन लोगों को एलर्जी और खांसी-जुकाम की समस्या रहती है, उन्होंने चौलाई का साग खाना चाहिए।
त्वचा की रंगत- विटामिन सी त्वचा के लिए अच्छा माना जाता है, इससे कोलेजन बूस्ट होता है। चौलाई का साग खाने से त्वचा की रंगत निखरती है और कई समस्याओं से छुटकारा मिलता है। त्वचा के साथ बालों के लिए भी ये साग फायदेमंद होता है।

आंखों के लिए- विटामिन ए से भरपूर चौलाई का साग आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करता है। लंबे समय तक स्क्रीन के आगे बैठकर काम करने वाले लोगों की आंखों की रोशनी कम हो जाती है। ऐसे में आपको चौलाई का साग खाना चाहिए।
वजन कम करने में सहायक- चौलाई का साग आपका वजन भी कंट्रोल में रखेगा। इसमें फाइबर की मात्रा अच्छी होती है, जिससे वेट लॉस करने में मदद मिलती है। दादी-नानी बासी रोटी के साथ चौलाई का साग खाया करती थीं।
प्रोटीन से भरपूर- जो लोग अंडा नहीं खाते हैं, उन्हें चौलाई का साग खाना चाहिए। इसे खाने से शरीर में प्रोटीन की कमी पूरी होगी और मांसपेशियों को मजबूती मिलेगी। साग में मौजूद कैल्शियम हड्डियों को भी मजबूत करता है।
आयरन का अच्छा सोर्स- एनीमिया से परेशान लोग चौलाई का साग खा सकते हैं। इस साग में आयरन की प्रचुर मात्रा पाई जाती है, जो शरीर में खून की कमी को पूरा करती है, हीमोग्लोबिन को मेंटेन रखती है।
किन लोगों को नहीं खाना चाहिए
चौलाई का साग प्रेग्नेंसी में कम खाना चाहिए, अगर खा रही हैं तो डॉक्टर से सलाह लें। किडनी में स्टोन की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी चौलाई का साग नुकसानदायक होता है।
चौलाई की सब्जी कैसे बनाएं
एक्ट्रेस भाग्यश्री ने इस साग की सब्जी बनाने का पूरा तरीका बताया है। सबसे पहले आप चौलाई के साग को अच्छे से साफ करें और काटकर रख लें। कढ़ाही में तेल गर्म करें, उसमें 2 लाल साबुत मिर्च, लहसुन, प्याज डालकर तड़का लगाएं और फिर कटी हुई साग डालकर पकाएं। जब साग से पानी निकल जाए, तब स्वादानुसार नमक डालें। बस आपका चौलाई का साग बनकर रेडी हो जाएगा। इसे रोटी या फिर दाल-चावल के साथ खाएं।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन