मठरी का आटा ऐसे लगाएंगी तो हर बार बनेंगी हलवाई जैसी खस्ता, शेफ पंकज ने बताया तरीका
मठरी का आटा नॉर्मल आटे से काफी अलग लगता है, अगर आप गलत तरीके से आटा लगाएंगी तो वो खस्ता और फ्लैकी टेक्सचर नहीं मिलेगा। तो चलिए जानते हैं खस्ता मठरी के लिए आटा कैसे लगाना है।

चाय के साथ खस्ता मठरी खाने को मिल जाएं, तो मजा दोगुना हो जाता है। खासतौर से घर में बनी मठरी खाने में बड़ी स्वाद लगती हैं। एक डब्बा मठरी बनाकर स्टोर कर लो, बस फिर महीने भर की छुट्टी। लेकिन घर में बनी मठरी कई बाद उतनी खस्ता नहीं बनती, जितनी हलवाई वाली मठरी लगती हैं। अब सवाल है कि सब कुछ वैसा ही डालने के बाद भी वो स्वाद भला क्यों मिसिंग रहता है? दरअसल सिर्फ इंग्रीडिएंट्स सेम रखना काफी नहीं होता, बल्कि तरीका भी काफी मायने रखता है। उदाहरण के लिए मठरी का आटा नॉर्मल आटे से काफी अलग लगता है, अगर आप गलत तरीके से आटा लगाएंगी तो वो खस्ता और फ्लैकी टेक्सचर नहीं मिलेगा। तो चलिए जानते हैं खस्ता मठरी के लिए आटा कैसे लगाना है।
मठरी के लिए अलग तरीके से लगता है आटा
खस्ता मठरी बनाने के लिए उसका आटा सही तरीके से लगाना बहुत जरूरी है। मास्टरशेफ पंकज भदौरिया एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि मठरी का आटा नॉर्मल आटे की तरह गूंथ-गूंथकर नहीं लगाना चाहिए। इसकी जगह थोड़े-थोड़े आटे को हाथ में लें और रगड़ते हुए इसे लगाएं। इससे मठरी फ्लैकी यानी परतदार बनती हैं और काफी खस्ता टेक्सचर आता है। वहीं अगर आप आटे को गूंथेंगी तो मठरी की जगह पापड़ी बनकर तैयार हो जाएगी।
मोयन कितना डालना है?
खस्ता मठरी के लिए आटे में मोयन लगाना बहुत जरूरी होता है। लेकिन गृहणियों का सवाल बना रहता है कि मोयन कितना लगाना चाहिए। इसे चेक करने का आसान तरीका है। पहले देसी घी या रिफाइंड तेल मिलाएं, फिर आटे को मुट्ठी में दबाकर चेक करें। अगर ये आसानी से लड्डू की तरह बन जाता है, तो आपका मोयन ठीक है, वरना थोड़ा सा घी या रिफाइंड तेल और मिला दें।
कौन-कौन से मसाले मिलाएं?
अब टेस्टी मठरी बनानी है, तो कौन कौन से मसाले मिलाने चाहिए, ये भी एक कॉमन सवाल रहता है। आप मैदा में नमक, अजवाइन, हल्की दरदरी कुटी हुई काली मिर्च और कसूरी मेथी मिला सकती हैं। कुछ लोग कुरकुरापन बढ़ाने के लिए जरा सी सूजी भी एड करते हैं। हालांकि अगर आप सही तरह से आटा लगा रही हैं, तो मठरी अपने आप ही काफी खस्ता बनकर तैयार होती हैं।
लो टू मीडियम हीट पर फ्राई करें मठरी
मठरी ठीक से फ्राई करना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए आपका तेल बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए। वरना मठरी बाहर से जल जाएंगी और अंदर से कच्ची रह जाएंगी। सबसे परफेक्ट टाइम है जब आपका तेल हल्का गर्म हो जाए। फ्लेम थोड़ी धीमी कर लें और मठरी को अच्छी तरह फ्राई कर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन