कास्ट आयरन बर्तन इस्तेमाल करने का सही तरीका और फायदे: न्यूट्रिशनिस्ट से जानें
आयरन की कमी महिलाओं और बच्चों में आम समस्या है। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन के अनुसार, कास्ट आयरन बर्तन सही तरीके से इस्तेमाल किए जाएं तो डाइट में आयरन बढ़ाने का एक प्राकृतिक और असरदार तरीका बन सकते हैं।

आज के समय में आयरन की कमी महिलाओं और बच्चों में एक आम लेकिन गंभीर पोषण समस्या बन चुकी है। थकान, कमजोरी, चक्कर आना और कम हीमोग्लोबिन इसके आम लक्षण हैं। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन के अनुसार, सही खान-पान के साथ अगर कास्ट आयरन कुकवेयर को सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यह डाइट में आयरन बढ़ाने का एक प्राकृतिक और सुरक्षित तरीका बन सकता है।
हालांकि, इसका पूरा फायदा तभी मिलता है जब बर्तन की सही सीजनिंग, सफाई और मेंटेनेंस की जाए। गलत इस्तेमाल से जहां जंग लग सकती है, वहीं फायदे भी कम हो सकते हैं। इसलिए कास्ट आयरन बर्तनों के फायदे जानने के साथ-साथ उनका सही उपयोग समझना बेहद जरूरी है।
रिसर्च क्या कहती है?
- रिसर्च के अनुसार, कास्ट आयरन में खाना पकाने से भोजन में आयरन की मात्रा 2 से 16 गुना तक बढ़ सकती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि खाना कितना नम है, उसमें अम्लीय तत्व (जैसे टमाटर) हैं या नहीं और पकाने का समय कितना है।
- दाल, बीन्स, सूप और टमाटर आधारित सब्जियां सबसे ज्यादा आयरन एब्जॉर्ब करती हैं। नियमित घरेलू उपयोग से रोजाना लगभग 1–3 mg अतिरिक्त आयरन डाइट में जुड़ सकता है।
- कई स्टडीज में महिलाओं और बच्चों के हीमोग्लोबिन लेवल में 0.3–1.2 g/dL तक की बढ़त देखी गई है। हालांकि, यह नॉन-हीम आयरन होता है, इसलिए यह गंभीर एनीमिया में आयरन सप्लीमेंट का विकल्प नहीं बन सकता।
पहली बार इस्तेमाल से पहले (Seasoning)
भले ही पैन प्री-सीजन्ड लिखा हो, एक बार सही से सीजनिंग करना जरूरी है। इससे बर्तन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनती है, जो जंग से बचाती है और खाना चिपकने से रोकती है।
रोजाना देखभाल कैसे करें ?
- गुनगुने पानी और सॉफ्ट स्पंज से धोएं।
- हल्का लिक्विड डिश सोप सुरक्षित है।
- डिशवॉश बार, पाउडर, डिशवॉशर और लंबे समय तक भिगोने से बचें।
- सुखाना क्यों जरूरी है ?धोने के बाद पैन को तुरंत कपड़े से पोंछें और 1–2 मिनट गैस पर गरम करें। नमी ही जंग लगने की सबसे बड़ी वजह होती है।
- पोस्ट-वॉश मेंटेनेंस : धोने और सुखाने के बाद 2–3 बूंद तेल बहुत पतली परत में लगाएं। पैन दिखने में लगभग सूखा ही होना चाहिए।
- दोबारा सीजनिंग कब करें ? खाना बार-बार चिपकने लगे, जंग दिखने लगे, पैन गलती से भिगो दिया गया हो या फिर नया पैन इस्तेमाल कर रहे हों।
नोट: कास्ट आयरन बर्तन सही तरीके से इस्तेमाल किए जाए तो यह सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं, खासकर आयरन सपोर्ट के लिए। थोड़ी-सी देखभाल और सही जानकारी से यह बर्तन सालों तक आपकी रसोई और सेहत दोनों का साथ निभा सकते हैं। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य एक्सपर्ट से उचित सलाह ले सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन