पकौड़े बना रहीं तो बेसन के घोल में मिला दें ये चीजें, 100% कुरकुरे और सुपर टेस्टी बनेंगे!
Crispy Pakora Secret: कई बार ऐसा होता है कि पकौड़े उतने क्रिस्पी नहीं बनते या फिर तेल पी लेते हैं। इन्हीं प्रॉब्लम्स को दूर करने के लिए आज हम आपके साथ कुछ कमाल के हैक शेयर कर रहे हैं।

मौसम कोई भी हो शाम की चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाने का मजा ही कुछ और है। वहीं अगर ये पकौड़े अंदर से क्रिस्पी-कुरकुरे भी हों, तब तो स्वाद और भी बढ़ जाता है। खैर, अच्छे पकौड़े बनाना भी अपने आप में एक आर्ट है। सिर्फ सही मसाले ही नहीं, बल्कि कुछ छोटी-छोटी टिप्स और हैं जिनका ध्यान रखकर परफेक्ट पकौड़े बनाए जा सकते हैं। कई बार ऐसा होता है कि पकौड़े उतने क्रिस्पी नहीं बनते या फिर तेल पी लेते हैं। इन्हीं प्रॉब्लम्स को दूर करने के लिए आज हम आपके साथ कुछ कमाल के हैक शेयर कर रहे हैं। एक बार पकौड़े का बैटर इस तरह बनाना सीख जाएंगी, तो फिर आलू, प्याज, कच्चा केला, गोभी या चाहे जिस भी सब्जी के खूब क्रिस्पी और टेस्टी पकौड़े बनाकर रेडी कर सकती हैं। तो चलिए फटाफट से ये टिप्स जान लेते हैं।
कुरकुरे पकौड़ों के लिए बेसन में क्या मिलाएं?
फूड क्रिएटर शिल्पी बताती हैं कि पकौड़े के बैटर में सिर्फ बेसन और पानी डालने से ही काम नहीं बनता। इसमें अगर आप थोड़ा सा चावल का आटा भी मिला देंगी, तो पकौड़े एकदम क्रिस्पी बनेंगे। सही माप की बात करें तो अगर आप दो कप बेसन ले रही हैं, तो लगभग 1/4 कप चावल का आटा इस्तेमाल करें। चावल का आटा नमी को कम करता है, जिससे पकौड़े ज्यादा क्रिस्पी और टेस्टी बनते हैं।
पकौड़े के घोल में कौन-कौन से मसाले मिलाएं
पकौड़े ज्यादा टेस्टी बनें इसके लिए बेसन के घोल में आप कुछ मसाले भी एड कर सकती हैं। जैसे- हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर या चिली फ्लेक्स, चुटकी भर हींग, हाथों से मसलकर अजवाइन और सादा नमक। इन सभी चीजों से पकौड़ों में बहुत ही अच्छा फ्लेवर आता है। इसके अलावा बेसन का घोल बनाने के बाद आप इसमें थोड़ा सा कटा हुआ हरा धनिया और हरी मिर्च भी एड कर सकती हैं, स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
बेसन का घोल कैसा होना चाहिए?
बेसन में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल बनाएं, ताकि गुठलियां ना पड़ें। बैटर थोड़ा सा गाढ़ा और बिलकुल स्मूद होना चाहिए। इसके अलावा एक और बात ध्यान रखें कि तुरंत इससे पकौड़े बनाना शुरू ना करें। इसे ढककर लगभग 10 मिनट के लिए अलग जरूर रख दें, ताकि ये अच्छे से सेट हो जाए।
सब्जियों का पानी सुखा लें
जब आप आलू, प्याज, कच्चा केला या कोई भी सब्जी सीधे धो कर बैटर में डाल देती हैं, तो उनमें पानी रह जाता है। ये पानी बैटर को पतला कर सकता है। इसलिए सब्जियों को धोने के बाद किसी कपड़े पर फैला लें और हल्का पानी सूखने दें। खासतौर से आलू के साथ ये स्टेप बेहद जरूरी है।
बेसन के बैटर में 2 चम्मच गर्म तेल मिलाएं
पकौड़े बनाने से पहले बेसन के तैयार घोल में दो चम्मच एकदम गर्म तेल मिलाएं, फिर अच्छे से बैटर में मिक्स कर दें। दरअसल ये मोयन की तरह काम करता है, जिससे बैटर का टेक्सचर थोड़ा सेट हो जाता है और तलने पर पकौड़े कुरकुरे बनते हैं। अब इसमें सब्जियां डिप करें और पकौड़े तेल में फ्राई कर के रेडी कर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन