क्या शाम 7 बजे के बाद डिनर करने से वजन बढ़ता है? डॉ जुबैर अहमद ने बताई असली वजह!
बहुत से लोग ये मानते हैं कि अगर शाम को देर से खाना खाया जाए, तो वो सीधा फैट में बदल जाता है। इसलिए अगर आप देर रात डिनर करते हैं, तो मोटापा बढ़ना तय है। आइए जानते हैं इसपर डॉक्टर का क्या कहना है।

फिट रहना है तो डिनर जितना जल्दी हो सके, उतना जल्दी फिनिश कर लेना चाहिए। ये बात अपने कई लोगों से सुनी होगी। खासतौर से अगर आप वेट लॉस करने की सोच रहे हैं, तो पहली एडवाइस आपको यही मिली होगी कि शाम 7 बजे से पहले ही डिनर खत्म कर लो। बहुत से लोग ये मानते हैं कि अगर शाम को देर से खाना खाया जाए, तो वो सीधा फैट में बदल जाता है। इसलिए अगर आप देर रात डिनर करते हैं, तो मोटापा बढ़ना तय है। लेकिन सवाल है कि क्या वाकई ऐसा है? क्या सच में शाम को देर से खाना वजन बढ़ने का कारण बनता है? लाइफस्टाइल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ जुबैर अहमद ने इसी कंफ्यूजन को दूर किया है। आइए जानते हैं उनका क्या कहना है।
देर रात डिनर बढ़ाता है वजन?
डॉ जुबैर कहते हैं कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि अगर आप देर से डिनर करते हैं, तो आपकी बॉडी फैट स्टोर करने लगती है। फैट बढ़ने के पीछे आपके डिनर की टाइमिंग नहीं बल्कि कैलोरी की मात्रा, खाने की गुणवत्ता और हार्मोनल रिदम जैसे फैक्टर जिम्मेदार होते हैं। बहुत ही आसान शब्दों में समझें तो वेट लॉस इस बात पर निर्भर करता है कि आप दिन भर में जितनी कैलोरी ले रहे हैं, उससे ज्यादा खर्च कर रहे हैं। आप दिन में कभी भी भोजन करें, अगर कैलोरी की मात्रा ज्यादा है तो वजन बढ़ेगा ही।
लेट नाइट डिनर करना क्यों बुरा माना जाता है?
डॉक्टर बताते हैं कि ज्यादा लेट नाइट डिनर करने की सलाह इसलिए नहीं दी जाती है क्योंकि उस समय शुगर और जंक की क्रेविंग ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में बहुत चांस होते हैं, कुछ उल्टा-सीधा खाने के। इसके अलावा देर रात खाने से इंसुलिन सेंसिटिविटी भी कम होती है, जिससे ग्लूकोज कंट्रोल खराब होता है। सोने से कुछ देर पहले ही डिनर करते हैं, तो नींद आने में भी समस्या होती है और स्ट्रेस हार्मोन (कोर्टिसोल) भी बढ़ता है, जो फैट स्टोरेज का कारण बन सकता है।
मेटाबॉलिज्म पर क्या असर होता है
बहुत से लोग कहते हैं कि रात में मेटाबॉलिज्म स्लो हो जाता है, जिस वजह से खाना फैट में बदल जाता है। डॉ जुबैर बताते हैं कि रात में मेटाबॉलिज्म स्लो तो होता है, लेकिन इतना नहीं कि आपका हेल्दी फूड भी फैट में कन्वर्ट हो जाए। वजन बढ़ने के पीछे का असली कारण खराब नींद और बढ़ता स्ट्रेस हार्मोन हो सकते हैं।
फैट लॉस के लिए नाइट रूटीन कैसा होना चाहिए?
* हमेशा हल्का और प्रोटीन से भरपूर डिनर करें। आप डिनर में दाल, सब्जियां, अंडे, पनीर और सूप जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं।
* सोने से लगभग 2-3 घंटे पहले ही आपका डिनर हो जाना चाहिए।
* देर रात डिनर कर रहे हैं तो शुगर, अल्कोहल और ज्यादा कार्ब्स खाना अवॉइड करें।
* कोशिश करें कि रात 11 बजे से पहले ही सो जाएं। क्योंकि आधी रात के समय आपके फैट बर्निंग हार्मोन जैसे जीएच और मेलाटोनिन पीक पर होते हैं।
* डॉक्टर कहते हैं कि हमेशा याद रखें कि आपका वेट लॉस इस बात पर निर्भर नहीं करता है कि आप कब खाना खा रहे हैं, बल्कि आप क्या खा रहे हैं, कितना खा रहे हैं और नींद कैसी ले रहे हैं, इन चीजों पर डिपेंड करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन