नवरात्रि में व्रत रख रहे हैं तो फॉलो करें ये डाइट प्लान, 9 दिनों में होगा अच्छा-खासा वेट लॉस!
कई लोग पूरे नौ दिनों का उपवास रखते हैं। अगर इन्हें ही ठीक तरीके से रखा जाए तो नौ दिनों में आपकी बॉडी काफी हल्का महसूस कर सकती है।न्यूट्रीशनिस्ट साक्षी ने इन्हीं नौ दिनों के लिए एक बैलेंस्ड और सिंपल डाइट प्लान शेयर किया है, जो आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं।

नवरात्रि का त्यौहार साल में दो बार आता है। यानी आपके पास दो बार मौका होता है अपनी बॉडी को रीसेट करने का। खासतौर से अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं, तो ये टाइम बिल्कुल परफेक्ट होता है। कई लोग पूरे नौ दिनों का उपवास रखते हैं। अगर इन्हें ही ठीक तरीके से रखा जाए तो नौ दिनों में आपकी बॉडी काफी हल्का महसूस कर सकती है। आपको खाना पूरी तरह नहीं छोड़ना है, बस व्रत में वो चीजें खानी हैं जो अपना पेट भी भरा हुआ रखें और वेट लॉस में भी हेल्प करें। हालांकि ये अक्सर थोड़ा कन्फ्यूजिंग होता है इसलिए एक्सपर्ट गाइडेंस बेहद जरूरी है। सर्टिफाइड न्यूट्रीशनिस्ट साक्षी ने इन्हीं नौ दिनों के लिए एक बैलेंस्ड और सिंपल डाइट प्लान शेयर किया है, जो आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं। आइए देखते हैं-
सुबह खाली पेट सबसे पहले क्या लें?
उपवास के दौरान आपको सुबह उठते ही खाली पेट जीरा वाटर पीना है। इसके लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा रात भर के लिए भिगोकर रख दें। अगली सुबह उसे गर्म करें और चाय की तरह ड्रिंक करें। इसके साथ आपको 5 भीगे हुए बादाम भी खाने हैं।
ब्रेकफास्ट यानी नाश्ता ऐसा रखें
न्यूट्रीशनिस्ट ने ब्रेकफास्ट के लिए 3 फलाहारी ऑप्शन बताए हैं, इनमें से आप कोई भी एक ले सकते हैं। पहला ऑप्शन है 1 गिलास आलमंड मिल्क यानी बादाम का दूध, दूसरा ऑप्शन है 1 गिलास सादा दूध। इनके अलावा आप लो फैट दूध में खजूर और नट्स की स्मूदी बनाकर भी पी सकते हैं।
मिड मॉर्निंग स्नैक में ले सकते हैं चीजें
सुबह हल्का ब्रेकफास्ट करने के बाद अक्सर भूख लगने लगती है। ऐसे में आप लंच से पहले मिड मॉर्निंग स्नैक ले सकते हैं। इसमें आप सौंफ की चाय या अदरक-नींबू की चाय पी सकते हैं। कुछ खाने का मन है तो कोई भी एक मौसमी फल खा सकते हैं।
लंच के लिए देखें ऑप्शन
नवरात्रि व्रत के दौरान आप लंच में इन दो चीजों में से कोई एक खा सकते हैं। चाहें तो एक कटोरी उबले हुई आलू की चाट बनाकर खाएं या फिर इतनी ही मात्रा में मीठे आलू यानी शकरकंद की चाट बनाकर खा सकते हैं।
शाम की हल्की भूख के लिए इवनिंग स्नैक
शाम को हल्की भूख लगती है तो इवनिंग स्नैक में आप एक कप चाय भी ले सकते हैं। हालांकि ध्यान रहे इसमें चीनी और दूध कम से कम ही इस्तेमाल करें। इसके साथ ही एक छोटी कटोरी रोस्टेड मखाने भी ले सकते हैं।
डिनर के लिए इनमें से कोई ऑप्शन चुनें
न्यूट्रीशनिस्ट के मुताबिक डिनर के लिए पहला ऑप्शन है खीरे की सलाद, पनीर और टमाटर की सब्जी और एक छोटी कटोरी समा (सामक) के चावल। इसके अलावा दूसरा ऑप्शन है पालक का सूप और कुट्टू का चीला। आप अपनी पसंद के हिसाब से इनमें से कोई एक चीज ले सकते हैं।
ये छोटी-छोटी बातें जरूर ध्यान रखें
न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि डाइट के अलावा आपको कुछ छोटी-छोटी बातें भी ध्यान में रखनी हैं। जैसे- सेंधा नमक का इस्तेमाल करें, कुकिंग के लिए देसी घी या बहुत कम तेल यूज करें। दिन में कम से कम दो से ढाई लीटर पानी जरूर पीएं और ज्यादा तला-भुना, मीठा और पैकेज्ड फूड हर हाल में अवॉइड करें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन