साफ सफाई से जुड़ी 5 आदतें घर को बनाती हैं गंदा, आज ही छोड़ें
घर को साफ रखना ना सिर्फ खुशहाली लेकर आता है बल्कि ये मानसिक सेहत से भी जुड़ा है। लेकिन घर साफ करने से जुड़ी 5 आदतें आपके घर को गंदा बना सकती हैं।ऐसे में इन आदतों को आज ही छोड़ देना सही है।

दिन भर की थकान के बाद जब आप एक चमकते और व्यवस्थित घर में कदम रखते हैं, तो आपकी आधी थकान वैसे ही मिट जाती है। घर को साफ रखना हमारी शारीरिक और मानसिक से जुड़ा हुआ है। दरअसल गंदगी और धूल-मिट्टी बीमारियों का घर होती हैं इसलिए नियमित सफाई से हम कई समस्याओं से बच सकते हैं। साफ सफाई करने के लिए हर किसी की कुछ आदतें होती हैं। ऐसे में शशांक अलशी जो इंस्टाग्राम पर अक्सर हैक्स शेयर करते हैं उन्होंने 5 उन आदतों के बारे में बताया है जो आपको तुरंत छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि ये धीरे-धीरे आपके घर को गंदा कर सकते हैं।
1) बहुत ज्यादा फ्लोर क्लीनर का इस्तेमाल करना
बहुत से घरों में फ्लोर को अच्छी तरह से साफ करने के लिए फ्लोर क्लीनर लिक्विड का इस्तेमाल करते हैं। क्योंकि उनका मानना है कि लिक्विड का मतलब बेहतर सफाई होता है, जबकि ऐसा नहीं है। इससे फर्श पर एक चिपचिपी परत बन जाती है जो धूल को आकर्षित करती है, फर्श को फिसलन भरा बनाती है और केमिकल अवशेष जमा करती है। इसलिए हमेशा ढक्कन पर दिए गए माप का पालन करें, पानी में अच्छी तरह मिलाएं और जमाव को हटाने के लिए समय-समय पर साफ पानी से धोते रहें।
2) कई दिनों तक एक ही स्पंज का इस्तेमाल
बर्तन या किचन स्लैब साफ करने के लिए महिलाएं कई दिनों तक एक ही स्पंज का इस्तेमाल करती हैं। उस स्पंज में बैक्टीरिया भरे होते हैं जो कीटाणु फैलाते हैं और बर्तनों में बदबू पैदा करते हैं। इसलिए 7 से 10 दिनों में इसे बदल दें और हर हफ्ते गर्म पानी या बेकिंग सोडा से कीटाणुरहित करें। इसके अलावा हर बार इस्तेमाल के बाद धोकर निचोड़कर सुखा लें।
3) क्लीनर को सीधे सतहों पर स्प्रे करना
किसी भी क्लीनर को सीधे इस्तेमाल करने से बचें। दरअसल ऐसा करने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों या नाजुक सतहों को नुकसान पहुंच सकता है। हमेशा पहले साफ करने वाले कपड़े पर स्प्रे करें और फिर बेहतर रिजल्ट के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें और स्क्रीन पर बहुत कम मात्रा में लिक्विड डालें।
4) वॉशिंग मशीन को जरूरत से ज्यादा भरना
मशीन को कपड़ों को ज्यादा भरने से समय तो बच सकता है, लेकिन सफाई की क्वालिटी कम हो जाती है। क्योंकि कपड़े मशीन में अच्छे से घूम नहीं पाते और मशीन पर दबाव पड़ता है। ड्रम को केवल 70-80 परसेंट तक ही भरें और भारी कपड़ों को अलग से धोएं।
5) रोजाना स्टोव की सफाई न करना
तेल और खाने के अवशेष समय के साथ सख्त हो जाते हैं और फिर कीड़े-मकोड़ों को आकर्षित करते हैं, जिसकी वजह से बदबू पैदा हो सकती है। खाना पकाने के बाद स्टोव को एक बार जल्दी से पोंछने और रात को हल्की सफाई करने से स्टोव पर गंदगी जमा नहीं होती। इसे ज्यादा रगड़ने से बचने के लिए हफ्ते में एक बार अच्छी तरह से स्टोव की सफाई करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन