मिनटों में भाग जाएगी बाथरूम की गंदी बदबू, बस सफाई के साथ अपनाएं ये 4 असरदार हैक्स
गर्मी के मौसम में ज्यादातर घरों के बाथरूम से एक अजीब बदबू आने लगती है।इस तरह की समस्या से निपटने के लिए अगर आप घरेलू तरीके खोज रही हैं तो यहां देखिए कुछ हैक्स।

घर को खूब साफ करने के बाद भी अगर बदबू आ रही है तो आपको कुछ हैक्स अपनाने की जरूरत है। गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा गंदी बदबू बाथरूम से ही आती है। दरअसल, बाथरूम के फर्श पर एक फ्लोर ट्रैप होता है जिसमें हमेशा थोड़ा पानी रहना चाहिए। यह पानी सीवर की गैसों को घर में आने से रोकता है। गर्मी में यह पानी जल्दी सूख जाता है, जिससे सीवर की गंदी गैसें सीधे बाथरूम में आने लगती हैं। इसके अलावा गर्मी और नमी के कारण बाथरूम में बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं, जो बदबू का कारण बनते हैं। बाथरूम की इस बदबू से निपटने के लिए यहां कुछ हैक्स बता रहे हैं जो असरदार हैं।
1) एसेंशियल ऑयल और कॉटन बॉल्स
बाथरूम की गंदी बदबू को भगाने के लिए एसेंशियल ऑयल और कॉटन बॉल्स का इस्तेमाल करें। अगर आप चाहते हैं कि बाथरूम हमेशा महकता रहे तो रुई के छोटे-छोटे टुकड़े लें और गोले बनाएं। फिर अपनी पसंद का एसेंशियल ऑयल रूई पर डालें। इन बॉल्स को किसी छिपे हुए कोने में रख दें। यह हफ्तों तक धीमी खुशबू देते रहेंगे।
2) घर में बनाएं एयर फ्रेशनर जार
वैसे तो खुशबू करने के लिए आपको बाजार में कई तरह के स्प्रे आसानी से मिल जाएंगे। लेकिन घर में बना एयर फ्रेशनर जार नमी भी सोखेगा और खुशबू भी देगा। इसे बनाने के लिए एक छोटे कांच के जार में आधा कप बेकिंग सोडा भरें और उसमें 10-12 बूंदें एसेंशियल ऑयल की मिलाएं। अब इस जार के ढक्कन पर छोटे छेद या कॉटन के कपड़े से ढक दें। बेकिंग सोडा हवा से बदबू सोख लेगा और तेल खुशबू फैलाएगा।
3) नींबू के छिलके और दालचीनी
अगर आप कोई सस्ता और ऐसा हैक खोज रहे हैं जिसके लिए बाजार से सामना न लाना पड़े तो ये हैक आपके काम आ सकता है। इसके लिए इस्तेमाल किए हुए नींबू के छिलकों को फेंकने के बजाय उन्हें छोटे टुकड़ों में काटकर एक कटोरी में रखें। इसमें एक दालचीनी का टुकड़ा भी डाल दें। यह हवा को नैचुरली फ्रेश रखने का काम करता है।
4) बेकिंग सोडा और सिरका
कई बार बदबू बाथरूम की नाली से आ रही होती है। इससे निपटने के लिए ड्रेनेज पाइप की गहराई से सफाई करना मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए नाली में आधा कप बेकिंग सोडा डालें फिर उसके ऊपर एक कप सफेद सिरका डाल दें। जब झाग बनना बंद हो जाए तो 10 से 15 मिनट बाद गर्म गर्म पानी डाल दें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन