बैद्यनाथ धाम में भक्तों को धकेलने का वीडियो हुआ वायरल, निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन को लपेटा
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए आम भक्तों के साथ हो रहे इस दुर्व्यवहार के प्रति अपनी नाराजगी जताई। एक महिला ने लिखा, 'बाबा के भक्तों के साथ ऐसी बेहूदगी बर्दाश्त नहीं, इससे अच्छा है भगवान के दर्शन अपने मंदिर में ही कर लेवें।'

झारखंड के देवघर में स्थित ज्योतिर्लिंग मंदिर बाबा बैद्यनाथ धाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मंदिर के सुरक्षाकर्मी वहां दर्शन करने आए भक्तों को बहुत बेदर्दी के साथ तेजी से आगे धकेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वे भक्तों को ठीक से भगवान के दर्शन तक नहीं करने दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए आम भक्तों के साथ हो रहे इस दुर्व्यवहार के प्रति अपनी नाराजगी जताई। इस व्यवहार पर गुस्सा जताने वाले लोगों में गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे भी शामिल हैं। वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने इसके लिए राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और उसका समर्थन कर रही कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस मंदिर की व्यवस्था के लिए हाई कोर्ट में केस लड़ रहे हैं।
निशिकांत दुबे ने किसी और शख्स द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को रीपोस्ट करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'इस मंदिर के अध्यक्ष झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी हैं कांग्रेस उनकी सरकार को समर्थन कर रही है। 2019 से आजतक यानि 2026 तक इसकी एक भी बैठक नहीं हुई है। मैं खुद 2023 से झारखंड हाई कोर्ट में इसकी व्यवस्था, 'क्यू कॉम्प्लेक्स' के लिए केस लड़ रहा हूं। सनातन का मतलब हेमंत सोरेन जी को क्या पता?'
यूजर ने की VIP दर्शन की संस्कृति को खत्म करने की मांग
दुबे ने जिस शख्स के पोस्ट किए इस वीडियो को रीपोस्ट किया, उसने वीडियो के साथ लिखा था, 'हर भक्त एक उचित और गरिमापूर्ण दर्शन का हकदार है। भगवान के मंदिर में कुछ लोगों के साथ VIP जैसा बर्ताव कैसे किया जा सकता है, जबकि बाकी लोग इस तरह संघर्ष करते रहते हैं? भारत के कई मंदिरों में सुचारू दर्शन के लिए बहुत अच्छी व्यवस्थाएं हैं। ऐसी व्यवस्थाओं को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि VIP दर्शन की संस्कृति को तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए। आस्था सभी के लिए समान होनी चाहिए।'
लोगों का गुस्सा फूटा, VIP कल्चर का विरोध किया
उधर इस वीडियो को देखकर लोगों का गुस्सा भी सोशल मीडिया पर फूट पड़ा और उन्होंने मंदिरों में जारी VIP कल्चर के बीच आम भक्तों के साथ होने वाले इस दुर्व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई। हालांकि खुद निशिकांत दुबे भी इस VIP कल्चर के विरोध वाली आंच से नहीं बच सके। यूजर्स ने उनका पुराना वीडियो शेयर करते हुए वर्तमान वीडियो से उसकी तुलना की और आम लोगों के साथ हो रहे भेड़-बकरी वाले व्यवहार की निंदा की।
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आम जनता के साथ नाइंसाफी, वीआईपी लोगों के शांति पूर्ण दर्शन, दोनों ही वीडियोग्राफी बाबा बैद्यनाथ धाम की है! अब सवाल शासन और प्रशासन से क्या आम आदमी भगवान के लिए प्रिय नहीं है? या भगवान उसके लिए प्रिय नहीं है? क्या कहीं ऐसा तो नहीं है, वीआईपी लोग ही भगवान को प्रिय है? बाकी सब धूल मिट्टी है! आपको यह वीडियो ग्राफी देख कर क्या समझ में आता है? आप अपनी प्रतिक्रिया जरूर बताइएगा।'
दोनों ही वीडियो बाबा बैद्यनाथ धाम की हैं... दोनों में ही भक्त दर्शन को जा रहे हैं, बस एक़ में VIP भक्त हैं दूसरे में साधारण भक्त। आप लोग वीडियो देखें और बताएं क्या ये सही है
एक महिला ने भाजपा नेताओं मनोज तिवारी और निशिकांत दुबे को मिले खास ट्रीटमेंट का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'वायरल वीडियो बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर का है, बाबा के भक्तों के साथ ऐसी बेहूदगी बर्दाश्त नहीं, इससे अच्छा है भगवान के दर्शन अपने मंदिर में ही कर लेवें।'
एक भारतीय नाम के यूजर ने भी निशिकांत दुबे के बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन करने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'यहां का माहौल देखकर लगता है, बाबा बैद्यनाथ धाम में VIP=देवता, आम भक्त=भेड़-बकरी। सांसद जी घंटों आराम से पूजा करते हैं, व्यवस्था इतनी गंदी कि भगवान भी शर्मा जाएं। कभी भूलकर भी मत जाना, वरना भक्ति के नाम पर लात-घूंसे खाओगे।'




साइन इन