झमाझम बारिश के साथ चलेगी तूफानी हवा, गिरेंगे ओले; झारखंड में 3 दिन ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक झारखंड में झमाझम बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तूफानी हवाएं भी चलेंगी।

Jharkhand Mausam: झारखंड में अगले तीन दिन तक आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आंधी की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटा हो सकती है। वहीं राज्य के विभिन्न भागों में कहीं कहीं वज्रपात गिरने की चेतावनी जारी की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान रांची समेत पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है।
इन जिलों में तेज बारिश के साथ चलेंगी तूफानी हवाएं
राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड़्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़, हजारीबाग एवं रांची मे कहीं कहीं ओलावृष्टि के साथ 70 प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है। जबकि शेष जिलों में ओलावृष्टि की संभावना कम है। लेकिन आंधी बारिश के साथ कहीं कहीं वज्रपात होने की चेतावनी दी गई है।
तापमान में गिरावट आएगी
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान रांची समेत राज्य के दक्षिणी जिलों में आंधी तूफान के साथ ओलावृष्टि हुई। पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची, रामगढ़, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार आदि जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री गिरने की संभावना है।
किसानों की बढ़ी चिंता
ओलावृष्टि के पूर्वानुमान से खेती किसानी को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इसमें दलहन, तिलहन के मटर और दलहन तथा सब्जियों के फसलों और उसके फूल व फलों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। आंधी तूफान से आम के मंजर को पहले ही नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के केंद्रीय भाग और यूपी के पूर्वी हिस्से पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। साथ मध्य प्रदेश के सिस्टम से लेकर छत्तीसगढ़ तक एक निम्न दबाव क्षेत्र है। इससे राज्य में अगले चार दिन तक मौसम बदलाव का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।




साइन इन