गर्मी की छुट्टियों में 'नो टेंशन', 24 समर स्पेशल ट्रेनों का ऐलान; जानें रूट
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन सभी समर स्पेशल ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान (स्लीपर) एवं एसी कोच उपलब्ध रहेंगे। जिससे हर वर्ग के यात्रियों को यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने विभिन्न दिशाओं में कुल 12 जोड़ी यानी 24 समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अप्रैल 2026 के अलग-अलग तिथियों पर किया जाएगा।
जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इस निर्णय के तहत कानपुर सेंट्रल-आसनसोल के बीच 04171/04172 एवं 04167/04168 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसी क्रम में छपरा-कोलकाता और गोमतीनगर-कोलकाता स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा।
ये ट्रेनें दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव के साथ चलेंगी, जिससे बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को यात्रा में सहूलियत होगी। राजस्थान से पूर्वी भारत के बीच संपर्क को मजबूत करने के लिए मदार जंक्शन-हावड़ा और उदयपुर सिटी-आसनसोल स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। वहीं रक्सौल-हावड़ा (05504/05503) स्पेशल ट्रेन बिहार और बंगाल के बीच यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगी।
हर वर्ग के यात्रियों को यात्रा करने में सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन सभी समर स्पेशल ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान (स्लीपर) एवं वातानुकूलित (एसी) कोच उपलब्ध रहेंगे। जिससे हर वर्ग के यात्रियों को यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा
इन ट्रेनों के परिचालन से आसनसोल मंडल के जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन और दुर्गापुर जैसे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।




साइन इन