रामनवमी जुलूस के दौरान गढ़वा में बवाल, दो पक्षों के बीच जमकर हुआ पथराव; कई घायल
गुरुवार को रामनवमी जुलूस के दौरान गढ़वा में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान दो पक्षों के बीच पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

गढ़वा के रमकंडा में गुरुवार रात रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। इसमें पुलिस जवानों के साथ आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। एसपी अमन कुमार के पहुंचने के बाद इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।
रामनवमी को लेकर महाअष्टमी को जुलूस निकाला गया था। जुलूस को कुछ लोगों ने कौआखोह शिव चबूतरा के पास रोक दिया। उसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। पत्थरबाजी होने लगी। वहां तैनात पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। जब भीड़ कुछ सुनने को तैयार नहीं हुई तब पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
भीड़ को उग्र होते देख पुलिस ने सख्ती बरती और हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इसके बाद भीड़ हटने लगी। उसके बाद जुलूस में शामिल लोग वहां से वापस लौटने लगे। पत्थरबाजी की घटना में कुछ लोगों को चोट लगी है। ए घायलों में मिथिलेश कुमार, अनिल कुमार महतो, सचिन कुमार के अलावा कई अन्य पुलिस के जवान भी घायल हो गये हैं। उधर सूचना पर डीआईजी कौशल किशोर भी घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
बता दें कि बुधवार रात से ही जुलूस को लेकर विवाद हुआ था। गुरुवार दिन भर विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ था। मामले में तत्काल रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को तत्काल हटाकर आरके पटेल को प्रभार दिया गया। मामला शांत होने के बाद महाअष्टमी पर जुलूस पुलिस सुरक्षा के साथ निकाला गया था। उसके बाद भी जुलूस रोकने और मारपीट की घटना हुई।रमकंडा में जुलूस के दौरान दो पक्षों में टकराव हो गया था। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर और आंसू गैस के गोले दागकर हंगामा करने वाले लोगों को भगा दिया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज कर पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई करेगी।अमन कुमार,एसपी गढ़वा




साइन इन