झारखंड के 12वीं के छात्रों ने मारी बाजी, 10वीं में छत्तीसगढ़ रहा आगे
झारखंड के 12वीं के विद्यार्थियों का प्रदर्शन पड़ोसी राज्यों बिहार और छत्तीसगढ़ की तुलना में बेहतर रहा है। 10वीं में बिहार और छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने झारखंड को पीछे छोड़ दिया। लड़कियों ने दोनों कक्षाओं में लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।

रांची, वरीय संवाददाता। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) द्वारा गुरुवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए। इन परिणामों में झारखंड के 12वीं के विद्यार्थियों का प्रदर्शन पड़ोसी राज्यों बिहार और छत्तीसगढ़ की तुलना में बेहतर रहा है। आईएससी (12वीं) में जहां झारखंड के छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.14 रहा, वहीं बिहार के 98.83 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ के 97.39 प्रतिशत छात्र सफल हुए। दूसरी ओर, 10वीं के परिणामों में छत्तीसगढ़ और बिहार के विद्यार्थियों ने झारखंड को पीछे छोड़ दिया। 10वीं में बिहार के छात्रों का सफलता दर 99.50 प्रतिशत रहा, जबकि छत्तीसगढ़ के 99.23 प्रतिशत और झारखंड के 99.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे।
छात्रों की संख्या
इस वर्ष झारखंड के 145 स्कूलों से 16,693 छात्र 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 12वीं में राज्य के 61 स्कूलों से 4,858 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। तुलनात्मक रूप से बिहार के 44 स्कूलों से 6,396 (10वीं) और छत्तीसगढ़ के 22 स्कूलों से 1,681 छात्रों ने परीक्षा दी थी।
लड़कियों की सफलता
दोनों ही कक्षाओं के परीक्षा परिणामों में लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर अपनी मेधा का परिचय दिया है। झारखंड में 10वीं की परीक्षा में जहां 99.17 प्रतिशत लड़कियां सफल रहीं, वहीं लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.88 रहा। इसी तरह 12वीं में भी छात्राओं ने 99.33 प्रतिशत सफलता दर के साथ बाजी मारी, जबकि छात्र 98.93 प्रतिशत ही सफल हो सके। पड़ोसी राज्यों में भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन