रांची में मर्सिडीज के बोनट पर लटका कर कई किमी घसीटा, चीखता रहा शख्स; VIDEO वायरल
रांची के डोरंडा में मामूली विवाद पर एक मर्सिडीज चालक ने युवक को टक्कर मारकर कई किलोमीटर दूर तक बोनट पर लटका कर घसीटा। आरोपी ने पीड़ित युवक को कार पर लटका कर ही घर ले गया और बंधक बनाकर पीटा।

झारखंड की राजधानी रांची में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रांची के डोरंडा इलाके में मामूली विवाद के बाद एक मर्सिडीज चालक ने शख्स को कार की बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर दूर तक घसीटा। आरोपी पीड़ित शख्स को बोनट पर ही लटका कर अपने घर ले गया और वहां उसे बंधक बनाकर पीटा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लग्जरी कार जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीडियो वायरल
इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। बताया जाता है कि घटना के दौरान रास्ते में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो कार रोकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने जवानों पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की।
बंधक बनाने और मारपीट का आरोप
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने युवक को सड़क पर नहीं छोड़ा, वरन उसे बोनट पर लटकाए हुए सीधे अपने घर तक ले गया। वहां पहुंचकर उसने युवक को जबरन उतारा, बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की।
मां ने बताई कहानी
पीड़ित मोटरबाइक सवार की मां ने कहा कि मेरा बेटा, नवाज खान टीसीएस में काम करता है। वह अपने भाई को अपनी मोटरबाइक पर बोर्ड एग्जाम सेंटर ले गया था। लौटते समय आरोपी की कार मेरे बेटे की मोटरबाइक से टकरा गई। बाइक को नुकसान हुआ। मेरे बेटे ने आरोपी से नुकसान के लिए हर्जाना मांगा।
चिल्लाता रहा लेकिन नहीं रोकी कार
पीड़ित नवाज खान की मां ने कहा कि दोनों के बीच बहस होने लगी और आरोप फरार होने की कोशिश करने लगा। इस दौरान मेरे बेटे ने कार का बोनट पकड़ लिया। आरोपी ने मेरे बेटे को अपनी कार से घसीटा। बोनट पर लटका मेरा बेटा चिल्लाता रहा लेकिन आरोपी ने कार नहीं रोकी। आरोपी मेरे बेटे को बोनट पर ही लटका कर अपने फ्लैट पर ले गया, जहां कई लोगों ने उसकी पिटाई की। हमें न्याय चाहिए।
आरोपी चालक को पुलिस ने पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी के ठिकाने पहुंचकर बंधक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी चालक को भी पकड़ा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है। घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी मर्सिडीज-बेंज कार को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।




साइन इन