ईरान से पंजाब तक नेटवर्क, गुजरात ATS ने नाकाम की बड़ी साजिश; 2 ईरानी अरेस्ट
गुजरात एटीएस और तटरक्षक बल ने पोरबंदर तट के पास एक संयुक्त अभियान चलाकर दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 200 किलो से अधिक संदिग्ध रसायनिक पदार्थ बरामद हुआ है जिसे वे पंजाब भेजने की फिराक में थे।

गुजरात एटीएस और तटरक्षक बल ने एक ऑपरेशन में पोरबंदर तट के पास समुद्र से 2 ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 203 थैलियों में 200 किलो से अधिक संदिग्ध रसायनिक पदार्थ बरामद हुआ है। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि यह खेप ईरान से एक स्पीड बोट के जरिए लाई जा रही थी जिसे पंजाब के एक व्यक्ति को सौंपा जाना था। सुरक्षा बलों ने 8 से 10 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद इन्हें अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास पकड़ा।
तट से लगभग 140 समुद्री मील दूर ऑपरेशन
एटीएस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने बताया कि गुजरात आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने तटरक्षक बल के साथ मिलकर गुजरात तट से दूर समुद्र में एक ऑपरेशन चलाया। एटीएस को पोरबंदर तट से लगभग 140 समुद्री मील दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास भारतीय जलक्षेत्र में संदिग्ध रसायनों के लाए जाने की सूचना मिली थी।
सफेद पाउडर के 203 पैकेट जब्त
ATS के DIG सुनील जोशी ने बताया कि तटरक्षक बल के साथ 8 से 10 घंटे तक चले एक संयुक्त अभियान में सोमवार रात करीब आठ बजे दो ईरानी नागरिकों को संदिग्ध रसायनों की 203 थैलियों के साथ पकड़ा गया। आरोपी एक ईरानी स्पीडबोट में थे। आरोपियों के पास से सफेद पाउडर के 203 पैकेट जब्त किए।
हेरोइन डिटेक्शन किट से नहीं हो सकी पहचान
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 200 किलोग्राम से अधिक रासायनिक पदार्थ बरामद हुआ है। जब्त माल को जांच के लिए फोरेंसिक लैबोरेटरी भेज दिया गया है। इस केमिकल की पहचान प्राइमरी हेरोइन डिटेक्शन किट में नहीं हो सकी। ये पैकेट पंजाब के एक आदमी को दिए जाने वाले थे। इस बारे में जांच चल रही है। आरोपियों ने इतना लंबा सफर स्पीड बोट से तय किया यह वाकई चौंकाने वाला है।
चाबहार के रहने वाले हैं आरोपी
DIG ने बताया कि आरोपी अब्दुल मजीद और अब्दुल सत्तार ईरान के चाबहार के रहने वाले हैं। ईरान जैसी दूर की जगह से स्पीडबोट पर सफर करना बहुत कम होता है। पिछले चार सालों में ऐसे सिर्फ दो मामले सामने आए हैं। ईरानी स्मगलरों ने एक नया तरीका बनाया है, क्योंकि स्पीडबोट के कोस्ट गार्ड के जहाजों से बचने का चांस ज्यादा होता है।
आरोपियों के पास से 2 फोन जब्त
आरोपियों के पास से दो फोन जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी को डिवाइस के डेटा से और जानकारी मिलने की उम्मीद है। अधिकारी ने यह भी बताया कि ईरानियों के साथ शुरुआती बातचीत करने में भाषा की दिक्कत एक चुनौती साबित हो रही है।
पिछले साल अप्रैल में एटीएस और तटरक्षक बल ने अरब सागर से 300 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए थे जिनकी कीमत 1,800 करोड़ रुपये थी और इन्हें तस्करों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने से पहले समुद्र में फेंक दिया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन