राज्यसभा चुनावः झारखंड में बिना उम्मीदवार उतारे ही जीत का दावा कर रही BJP
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन भरने की आज यानी सोमवार को अंतिम तारीख है। अभी तक बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, फिर भी वह जीत के दावे कर रही है। बीजेपी ने रविवार देर रात विधायक दल की बैठक किया, लेकिन अपने पत्ते नहीं खोले।

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन जीत का दावा जरूर कर रही है। नामांकन भरने की आज अंतिम तारीख है। रविवार देर शाम भाजपा मुख्यालय में एनडीए घटक दलों की बैठक की गई। बैठक में कुल 10 विधायक उपस्थित रहे, जिसमें आजसू के निर्मल महतो और लोजपा के जनार्दन पासवान भी थे।
बैठक के बाद विधायकों ने एक बात पर मजबूती से जोर दिया है कि भाजपा अपना उम्मीदवार भी उतारेगी और जीत भी सुनिश्चित करेगी। हालांकि खबर लिखे जाने तक भाजपा ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की। वहीं, अब एनडीए के सभी घटक दल अब सोमवार सुबह 09 बजे भाजपा विधायक नवीन जायसवाल के आवास पर जुटेंगे और चाय पर चर्चा करेंगे। बात दें कि हटिया विधायक नवीन जायसवाल का आवास विधानसभा के काफी नजदीक है। वे भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक भी हैं।
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने नामांकन पत्र खरीदा
वहीं, जब एनडीए घटक दल के विधायक बैठक कर रहे थे, तब भाजपा नेता गौरव वल्लभ जिन्होंने शनिवार को विधानसभा से नामांकन पत्र खरीदा है, पार्टी मुख्यालय में ही उपस्थित थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक में विधायकों से गौरव वल्लभ के नाम का पर्चा भी भराया गया। इसके अलावे सभी विधायकों से एक अन्य पर्चे पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें उम्मीदवार के नाम का कोई डिटेल्स (जानकारी) नहीं भरा गया। केवल प्रस्तावक की जगह हस्ताक्षर लिए गए।
उम्मीदवार के नाम पर अभी फैसला नहीं
बैठक के बाद लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। अभी उम्मीदवार के नाम पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। भाजपा विधायक मनोज कुमार यादव ने दावा किया कि उम्मीदवार भाजपा का ही होगी। भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बहुत जल्द उम्मीदवार के नाम की घोषणा होगी। उम्मीदवार के जो भी नाम तय होंगे, सबके सहमति से ही लिए जाएंगे।
पार्टी जिस पर मुहर लगाएगी, विधायक समर्थन देंगे
भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पार्टी जिस पर अपना मुहर लगाएगी, वहां विधायक समर्थन देंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो भी उम्मीदवार बनेंगे, वह स्वतंत्र है कि किसी भी पार्टी के पास जाकर अपना समर्थन मांगे। पूर्णिमा साहू ने भी दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार भी देगी और उन्हें हम जिताने का भी काम करेंगे।
भाजपा को एनडीए घटक दलों का समर्थन
जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी राज्यसभा चुनाव में जिसे भी अपना उम्मीदवार घोषित करेगी, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दल उसका पूरी तरह से समर्थन करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए के भीतर कोई मतभेद नहीं है और सभी सहयोगी दल पूरी तरह से एकजुट हैं।
गठबंधन के उम्मीदवार आज करेंगे नामांकन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रविवार शाम उनके आवास पर इंडिया गठबंधन के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। नेताओं ने ऐलान किया कि झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा सोमवार को एक साथ 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सहित गठबंधन के सभी नेता मौजूद रहेंगे।




साइन इन