महिला आरक्षण संशोधन बिल गिराकर प्रतिपक्ष के नेताओं ने किया नृत्य : संजय सेठ
मेदिनीनगर में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महिला आरक्षण बिल गिराए जाने पर विपक्ष की खुशी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। 25 अप्रैल को रांची में आयोजित पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी, जो सशक्तिकरण का संदेश देगी।

मेदिनीनगर, संवाददाता। पलामू दौरे पर मंगलवार को आए भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन बिल को लोकसभा में गिराने के बाद प्रतिपक्ष के नेताओं ने जिस प्रकार नृत्य कर खुशी का इजहार किया है उसके लिए आने वाले समय में उन्हे भारी कीमत चुकाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करने का काम किया है और महिलाओं को अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा चुके हैं। प्रतिपक्षी के दल नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान मिले। परंतु भाजपा ने हमेशा देश की बेटियों को आगे बढ़ाने और उनका मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया है और आगे भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कदम उठाते रहने के लिए संकल्पित हैं।
संजय सेठ ने कहा कि देश की 140 करोड़ आबादी में करीब 70 करोड़ महिलाएं हैं। 25 अप्रैल को देश की बेटियां रांची में पदयात्रा निकालेंगी, जिसमें महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने पलामू दौरे के क्रम में भाजपा नेताओं से भी विमर्श किया। मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर का चुनाव दूसरी बार जीतकर आगे बढ़ रही अरुणा शंकर ने कहा कि पलामू से बड़ी संख्या में महिलाएं व बेटियां रांची में तय पदयात्रा में भाग लेंगी। इस दिशा में पूरी तैयारी की जा रही है। डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, लवली गुप्ता, रूपा सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, विजयानंद पाठक, पलामू जिला भाजपा के महामंत्री विजय ठाकुर व अजय कुमार सिंह आदि ने भी रांची में पदयात्रा कार्यक्रम को लेकर अपने-अपने स्तर से पूरी ताकत लगाने की बात कही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन